
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना अभियान खत्म होने के बाद फ्लाइट बाधित होने के कारण भारत में फंसे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अब सुरक्षित अपने घर पहुँच गए हैं।
दरअसल, टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में पहुंची टीमों की यात्रा योजनाएँ पश्चिम एशिया में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण प्रभावित हुईं। इस युद्ध के चलते मध्य-पूर्व के हवाई क्षेत्र का एक हिस्सा बंद हो गया, जो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एक बड़ा ट्रांजिट हब माना जाता है।
प्रतियोगिता से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें कोलकाता में फंस गई थीं।
वेस्टइंडीज ने 1 मार्च को कोलकाता में भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अपना आखिरी मैच खेला था। इसके बाद आईसीसी ने गुरुवार को घोषणा की थी कि खिलाड़ियों के आखिरी समूह ने भी भारत से रवाना हो गया है।
शनिवार को जारी बयान में CWI ने पुष्टि की कि टूर्नामेंट में शामिल सभी खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट यूनिट (TMU) के सदस्य अब सुरक्षित अपने-अपने गंतव्य तक पहुँच चुके हैं।
CWI ने कहा, “खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का अंतिम समूह पिछले कुछ दिनों में अपनी यात्रा पूरी कर चुका है और अब सभी सुरक्षित अपने-अपने घर पहुँच गए हैं।”
इससे पहले नौ वेस्टइंडीज खिलाड़ी सप्ताह की शुरुआत में ही रवाना हो चुके थे, जबकि बाकी 16 खिलाड़ियों के लिए कमर्शियल फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई थी।
CWI ने खिलाड़ियों और स्टाफ की वापसी में सहयोग करने के लिए आईसीसी, क्षेत्रीय क्रिकेट बोर्डों और अन्य संबंधित पक्षों का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा, “हम वेस्टइंडीज के प्रशंसकों और पूरे क्रिकेट समुदाय का भी धन्यवाद करते हैं जिन्होंने चिंता जताई और शुभकामनाएँ दीं।”
बोर्ड ने आगे कहा कि खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा और भलाई सबसे महत्वपूर्ण है, और उन्हें खुशी है कि यह मामला अब सुरक्षित और संतोषजनक तरीके से समाप्त हो गया है।
हालांकि इस यात्रा अव्यवस्था को लेकर कुछ खिलाड़ियों ने नाराज़गी भी जताई। वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा कि कोलकाता से टीम को ले जाने वाली चार्टर फ्लाइट लॉजिस्टिक समस्याओं के कारण रद्द हो गई थी और इसके बाद आईसीसी की ओर से बहुत कम जानकारी दी गई, जिससे टीम को काफी परेशानी हुई।








