टी20 वर्ल्ड कप जीत ने पूरा किया मेरा व्यक्तिगत वादा: हार्दिक पांड्या!

भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने कहा कि यह जीत टीम के दबदबे की बस शुरुआत है। उन्होंने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने को अपने आप से किए गए एक व्यक्तिगत वादे की पूर्ति बताया।

पांड्या ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 9 विकेट लिए और बल्ले से दो अर्धशतक लगाए, जिसमें नामीबिया के खिलाफ 28 गेंदों में 52 रन की पारी भी शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने अहम मौकों पर गेंद से निर्णायक स्पेल भी डाले।

पांड्या ने कहा, “बारबाडोस में 2024 के फाइनल में जीत के बाद मैंने खुद से वादा किया था कि मैं जिस भी टूर्नामेंट में खेलूंगा, जीतने के लिए खेलूंगा और ट्रॉफी उठाऊंगा। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह जीत इस बात की पुष्टि है कि मैंने अपने आप से जो वादा किया था, वह अब हकीकत बन गया है। और यह तो बस शुरुआत है।”

32 वर्षीय हार्दिक पांड्या को आईसीसी की 2026 टी20 वर्ल्ड कप टीम में चुने गए चार भारतीय खिलाड़ियों में भी शामिल किया गया है।

पांड्या ने बातचीत के दौरान 2024 वर्ल्ड कप से पहले अपने जीवन में आई कठिनाइयों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, “जब हमने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था, उस समय मैं निजी जीवन में काफी मुश्किलों से गुजर रहा था। उस टूर्नामेंट से पहले कई चीजें हुई थीं और हालात मेरे पक्ष में नहीं थे। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही मैंने तय कर लिया था कि मैं वापसी करूँगा। मैं जोरदार कमबैक करना चाहता था। मैंने ऐसा किया और 17 साल बाद टीम को ट्रॉफी जिताने में मदद की।”

पिछले टूर्नामेंट में भी पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 144 रन बनाए और 11 विकेट लिए।

अहमदाबाद में मिली इस जीत के बारे में पांड्या ने कहा, “यह टी20 वर्ल्ड कप जीत मेरे लिए हमेशा से खास रही है। मैं क्रिकेट इसलिए खेलता हूं कि अपने देश के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकूं और ट्रॉफियां जीत सकूं। मैं भारत के लिए हर ट्रॉफी जीतना चाहता हूं।”

रविवार को भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया। भारत ने इससे पहले 2007 में टूर्नामेंट के पहले संस्करण में भी खिताब जीता था।