टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: जसप्रीत बुमराह की चर्चा हर जगह, लेकिन न्यूजीलैंड वरुण चक्रवर्ती से भी सतर्क!

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने शनिवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज पर रणनीति बनाना बिल्कुल स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि केवल बुमराह पर ध्यान केंद्रित करना एक गलती हो सकती है।

मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में बुमराह शानदार फॉर्म में हैं। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी पहले ही यादगार बन चुकी है।

सेंटनर ने कहा: “बुमराह, हां, मुझे लगता है कि उनकी चर्चा हर टीम की रणनीति में होनी ही चाहिए। जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने किया है, खासकर इंग्लैंड के खिलाफ, उन्हें खेलना काफी मुश्किल लग रहा था। वह उस मैच में भारत के लिए गेम चेंजर साबित हुए।”

हालांकि सेंटनर ने यह भी कहा कि केवल बुमराह पर ध्यान देना सही नहीं होगा, क्योंकि भारत के कई खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में अलग-अलग मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया है।

“हम जानते थे कि ऐसा ही होगा। वह विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं, लेकिन सिर्फ वही नहीं, टीम के कई खिलाड़ियों ने अलग-अलग समय पर अच्छा प्रदर्शन किया है। एक टीम के तौर पर यही आप चाहते हैं।”

अपने स्तर के मुकाबले वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में थोड़ा फीका रहा है, लेकिन सेंटनर का मानना है कि तमिलनाडु के इस गेंदबाज का ‘मिस्ट्री स्पिन’ फाइनल में फिर से असर दिखा सकता है।

जब उनसे पूछा गया कि अगर चक्रवर्ती फॉर्म में नहीं हैं तो क्या इससे न्यूजीलैंड को मनोवैज्ञानिक फायदा मिलेगा, तो उन्होंने इस धारणा को खारिज कर दिया।

“नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है। हम सब जानते हैं कि वह कितने अच्छे गेंदबाज हैं। किसी भी गेंदबाज के लिए चुनौती तब होती है जब पिच सपाट हो। ऐसी पिच पर किसी भी गेंदबाज को 60 रन तक पड़ सकते हैं। लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि वह अभी भी बेहतरीन गेंदबाज हैं और सिर्फ एक मैच ही खेल का रुख बदल सकता है।”

सेंटनर ने यह भी कहा कि उन्होंने अभी फाइनल की पिच नहीं देखी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल होगी।

“मैंने अभी तक पिच नहीं देखी है, क्योंकि वह कवर के नीचे है। लेकिन अनुमान है कि यह काफी सपाट और हाई-स्कोरिंग पिच होगी।”

भारत ने सेमीफाइनल में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 253/7 का विशाल स्कोर बनाया था। सेंटनर का कहना है कि अगर न्यूजीलैंड भारत को 250 के बजाय 220 रन के आसपास रोकने में सफल रहता है, तो उनके पास जीत का अच्छा मौका होगा।

“अगर पिच वैसी ही सपाट रही जैसी पिछले मैच में थी, तो हमारा लक्ष्य होगा कि भारत को 250 के बजाय करीब 220 रन तक सीमित रखा जाए। ऐसा हुआ तो हमारे पास मैच जीतने का अच्छा मौका होगा।”