
आक्रामक बल्लेबाज़ तिलक वर्मा को सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैचों के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया है। वहीं, तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव ने लंबी चोट के बाद वापसी की है।
ग्रोइन इंजरी से पूरी तरह उबरने के बाद तिलक को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस की हरी झंडी मिल गई है। वह सीनियर भारतीय टीम से जुड़ने से पहले दो में से एक वार्म-अप मैच खेलेंगे।
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हाल ही में हुई टी20 सीरीज़ में तिलक नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को मौका दिया गया था। अब बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ की राष्ट्रीय टीम में वापसी तय मानी जा रही है।
बीसीसीआई ने एक्स (X) पर टीम की घोषणा करते हुए कहा, “तिलक वर्मा सीनियर टीम से जुड़ने से पहले एक वॉर्म-अप मैच खेलेंगे।”
सोमवार को इंडिया-ए टीम नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगी, जबकि शुक्रवार को नामीबिया से मुकाबला बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा।
15 सदस्यीय इंडिया-ए टीम की कप्तानी आयुष बडोनी करेंगे। टीम में नमन धीर, विप्रज निगम और रियान पराग जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
वहीं, तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव एक साल से ज़्यादा समय तक स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण क्रिकेट से दूर रहे थे और अब उन्होंने वापसी की है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत 7 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप के पहले दिन अमेरिका के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा।
इंडिया-ए टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियंश आर्य, एन. जगदीशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव








