
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और श्रेयस अय्यर अपने वनडे करियर के बड़े कीर्तिमानों के बेहद करीब खड़े हैं। कोहली के लिए एक और बड़ी पारी उन्हें एक नया ऐतिहासिक मुकाम दिला सकती है।
37 वर्षीय विराट कोहली, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं, बुधवार को राजकोट में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे वनडे से पहले एक और रिकॉर्ड तोड़ अर्धशतक से बस एक कदम दूर हैं।
कोहली ने अब तक वनडे क्रिकेट में लगातार पांच 50+ स्कोर बनाए हैं और इस सूची में वह सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे के बराबर हैं। यह सिलसिला सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे से शुरू हुआ था। अगर वह एक और अर्धशतक लगाते हैं, तो वह वनडे में लगातार छह 50+ स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
वनडे क्रिकेट में केन विलियमसन, शाई होप, बाबर आज़म, पॉल स्टर्लिंग, रॉस टेलर और क्रिस गेल जैसे बल्लेबाज लगातार छह बार 50 या उससे अधिक रन बना चुके हैं।
वनडे में लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर का रिकॉर्ड पाकिस्तान के इमाम-उल-हक (लगातार 7) और दिग्गज जावेद मियांदाद (लगातार 9) के नाम है।
विराट ने अपने पिछले पांच वनडे मैचों में 156.33 की औसत से 469 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। अगर विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) में दिल्ली के लिए खेली गई उनकी दो पारियों (131 और 77) को भी जोड़ लिया जाए, तो लिस्ट-ए क्रिकेट में विराट के लगातार सात 50+ स्कोर हो जाते हैं। इन सात पारियों में उन्होंने 135.4 की औसत से 677 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं, भारतीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने से सिर्फ 34 रन दूर हैं।
रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत में अय्यर ने 47 गेंदों पर 49 रनों की अहम पारी खेली थी, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था। इस दौरान उन्होंने विराट कोहली के साथ 77 रन की साझेदारी भी की।
74 वनडे मैचों (68 पारियां) में श्रेयस अय्यर अब तक 2966 रन बना चुके हैं। उनका औसत 47.83 है और स्ट्राइक रेट 99 से ज्यादा है। उनके नाम पांच शतक, 23 अर्धशतक और सर्वोच्च स्कोर नाबाद 128 रन दर्ज है।
अगर अय्यर बुधवार को राजकोट में 3000 रन पूरे कर लेते हैं, तो वह पारियों के लिहाज से इस मुकाम तक पहुंचने वाले संयुक्त रूप से चौथे सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे और वेस्टइंडीज के दिग्गज विव रिचर्ड्स की बराबरी कर लेंगे। इसके साथ ही वह शिखर धवन (72 पारियां) को पीछे छोड़ते हुए 3000 वनडे रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज भी बन जाएंगे।








