टी20 वर्ल्ड कप: भारत में मैचों को लेकर चिंता बरकरार, आईसीसी की चुप्पी से बीसीबी परेशान!

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने शुक्रवार को कहा कि बोर्ड का रुख पहले जैसा ही है और आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत के वेन्यू को लेकर जताई गई चिंताओं पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए भारत जाने में हिचकिचाहट जताई है और अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने की मांग की है।

बीसीबी की यह चिंता तब सामने आई, जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों की खबरों के बाद बीसीसीआई ने अज्ञात कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज कर दिया।

पीटीआई के हवाले से बुलबुल ने ढाका में मीडिया से कहा, “हमें अभी तक आईसीसी से कोई जवाब नहीं मिला है। हमने अपनी चिंताओं से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत भेज दिए हैं।”

बीसीबी प्रमुख ने कहा कि बोर्ड ने अपनी स्थिति अंतरराष्ट्रीय संस्था को साफ कर दी है और यह भी जोर दिया कि भारत के किसी दूसरे शहर में मैच कराना उनकी चिंताओं को दूर नहीं करेगा।

उन्होंने कहा, “आखिरकार कोई भी वैकल्पिक भारतीय वेन्यू, भारतीय वेन्यू ही रहेगा। आप सभी जानते हैं कि कोई एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता और हमें सरकार के निर्देशों का पालन करना होगा। हम वहीं खड़े हैं, जहां कुछ दिन पहले थे।”

बुलबुल ने कहा कि आईसीसी की प्रतिक्रिया आने तक बोर्ड कोई अगला कदम नहीं उठाएगा।

उन्होंने आगे कहा, “अगर हमें श्रीलंका में खेलने की अनुमति नहीं मिलती तो हम क्या करेंगे, इस पर मैं तब तक टिप्पणी नहीं कर सकता, जब तक आईसीसी जवाब नहीं देती।”

बांग्लादेश के ग्रुप के तीन मैच कोलकाता और एक मैच मुंबई में प्रस्तावित हैं।

हैदराबाद और चेन्नई को वैकल्पिक वेन्यू बनाए जाने की खबरों पर बुलबुल ने कहा, “मैंने हैदराबाद और चेन्नई के बारे में नहीं सुना है। शायद सोमवार या मंगलवार तक कुछ जानकारी मिले।”

बुलबुल ने राष्ट्रीय टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि बांग्लादेश का उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों में अच्छा रिकॉर्ड रहा है।

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि बांग्लादेश विश्व क्रिकेट की एक बड़ी टीम है। हमने 2015 वनडे वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल खेले, चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचे और उपमहाद्वीपीय हालात में हमारे पास अच्छा करने का मौका रहता है।”

पूर्व कप्तान तमीम इकबाल से जुड़े हालिया विवाद पर बुलबुल ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है और बीसीबी निदेशक द्वारा वरिष्ठ खिलाड़ी को ‘गद्दार’ कहे जाने को व्यक्तिगत राय बताया।

उन्होंने कहा, “यह उस निदेशक की व्यक्तिगत राय थी और मैंने उनसे स्पष्टीकरण देने को कहा है। तमीम ने बहुत कुछ हासिल किया है और सार्वजनिक बयान देते समय उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए था।”

अंत में बुलबुल ने कहा, “यह समय बोर्ड के लिए सीखने वाला रहा है। उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन देश सबसे पहले है।”