टी20 वर्ल्ड कप से पहले झटका — पैट कमिंस के खेलने पर संशय!

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस की अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भागीदारी फिलहाल “काफी अनिश्चित” बताई जा रही है। कमिंस को पीठ की स्ट्रेस फ्रैक्चर (lumbar stress condition) की समस्या है, जिसके कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा एशेज़ सीरीज़ में भी पूरी तरह नहीं खेल पाए हैं।

पहले दो एशेज़ टेस्ट मैचों से बाहर रहने के बाद कमिंस ने तीसरा टेस्ट एडिलेड में खेला था, जहां उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए छह विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया को 3-0 की अजेय बढ़त दिलाई।

हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे कप्तान कमिंस सीरीज़ के बाकी मैचों में नहीं खेलेंगे और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं। ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम की कप्तानी ऑलराउंडर मिचेल मार्श के हाथों में है।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा — “वर्ल्ड कप को लेकर फिलहाल कुछ निश्चित नहीं कहा जा सकता। स्थिति अभी ‘काफी ग्रे’ है। लेकिन हम आशावादी हैं।”

जुलाई में वेस्ट इंडीज़ दौरे के दौरान कमिंस की पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन पाया गया था। लंबे रिहैबिलिटेशन के बाद उन्हें सख्त निगरानी में एडिलेड टेस्ट खेलने की अनुमति मिली थी।

मैकडोनाल्ड ने आगे कहा — “वह फिलहाल ठीक हैं। लेकिन वह सीरीज़ के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। यह फैसला हमने पहले से योजना बनाकर लिया था।”

“हमने कुछ जोखिम उठाया था, और जो लोग इससे जुड़े थे वे समझते हैं कि उस पुनर्निर्माण (rebuild) से जुड़े जोखिम क्या थे। हमने सीरीज़ जीत ली है, और यही हमारा लक्ष्य था।”

“अब उन्हें आगे के मैचों में खिलाकर उनकी लंबी अवधि की फिटनेस को खतरे में डालना समझदारी नहीं होगी। और पैट भी इस फैसले से पूरी तरह सहमत हैं,” उन्होंने जोड़ा।

भारत और श्रीलंका में टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी, जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला 11 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ होगा।