
आईपीएल 2026 में मंगलवार को खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 रन से जीत दिलाई। 11-11 ओवर के इस मैच में जायसवाल ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
जायसवाल की इस शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मैच के बाद जायसवाल ने बताया कि वह पहले से ही स्पष्ट योजना बनाकर मैदान में उतरे थे और यह तय कर लिया था कि किस गेंदबाज को निशाना बनाना है।
उन्होंने कहा, “मेरे दिमाग में एक प्लान था क्योंकि पावरप्ले सिर्फ तीन ओवर का था। मैं सोच रहा था कि किस गेंदबाज पर हमला कर सकता हूं। दीपक चाहर भाई गेंदबाजी कर रहे थे, तो मैंने सोचा कि उन्हें टारगेट करूं। फिर बुमराह भाई आने वाले थे, तो मैंने सोचा वैभव उन्हें संभाल सकता है और मैं किसी और गेंदबाज को अटैक करूंगा।”
तीनों फॉर्मेट में खेलने की तैयारी को लेकर जायसवाल ने कहा, “सभी फॉर्मेट खेलना आसान नहीं होता। मैं हर बार अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं। अलग-अलग शॉट्स विकसित करने और यह समझने की कोशिश करता हूं कि किस पिच पर क्या खेलना है। अच्छी तैयारी करने से मदद मिलती है।”
उन्होंने आगे कहा कि मैच की स्थिति को समझना और उसी के अनुसार शॉट्स चुनना बहुत जरूरी है।
“मैं बस स्थिति को समझने की कोशिश करता हूं और सोचता हूं कि टीम के लिए क्या कर सकता हूं। अगर मुझे पता है कि क्या जरूरी है और कौन से शॉट्स खेलने हैं, तो मैं वही करता हूं।”
जायसवाल ने अपने ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने 14 गेंदों में 39 रन बनाए। दोनों ने मिलकर 5 ओवर में 80 रन की साझेदारी की।
उन्होंने कहा, “वह जिस तरह खेल रहा है, वह शानदार है। उसे देखकर मुझे भी मोटिवेशन मिलता है। हम दोनों बात करते हैं कि कैसे खेलना है और मैं उसे खुलकर खेलने के लिए पॉजिटिव मैसेज देता रहता हूं। वह कमाल का खिलाड़ी है, खेल को अच्छी तरह समझता है और अपने दम पर बहुत कुछ कर सकता है।”








