WPL एलिमिनेटर: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को रौंदकर फाइनल में बनाई जगह!

वडोदरा में मंगलवार को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को सात विकेट से करारी शिकस्त देकर लगातार चौथे विमेंस प्रीमियर लीग फाइनल में प्रवेश कर लिया। दिल्ली ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जबरदस्त निरंतरता को बरकरार रखा।

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और गुजरात जायंट्स को 168/7 पर रोक दिया। इसके बाद शेफाली वर्मा (21 गेंदों में 31 रन) और लिज़ेल ली (24 गेंदों में 43 रन) की तेज़तर्रार 89 रन की ओपनिंग साझेदारी ने रन चेज़ की मजबूत नींव रखी। दिल्ली ने लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया।

शेफाली और लिज़ेल ने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की। दोनों ने मिलकर 15 चौके और एक छक्का लगाया और बिना विकेट गंवाए स्कोर को 89 तक पहुंचा दिया।

हालांकि, लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहैम (2/28) ने एक ही ओवर में दोनों ओपनर्स को आउट कर गुजरात को थोड़ी राहत दिलाई।

इसके बाद लौरा वोलवार्ड्ट (नाबाद 32) और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (41) ने शानदार संयम दिखाते हुए पारी को संभाला और आसानी से लक्ष्य की ओर टीम को ले गईं। दबाव खत्म होते ही दोनों ने खुलकर शॉट लगाए और दिल्ली की जीत तय कर दी।

मैच जीतने वाले रन अनुभवी ऑलराउंडर मारीज़ान कैप ने बनाए। अब दिल्ली कैपिटल्स गुरुवार को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

इससे पहले गुजरात जायंट्स की ओर से बेथ मूनी ने शानदार नाबाद अर्धशतक लगाया। उन्होंने 51 गेंदों में 62 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल थे। शुरुआती झटकों के बाद मूनी ने पारी को संभाले रखा।

जॉर्जिया वेयरहैम (35) ने उनका अच्छा साथ निभाया और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए तेज़ 61 रन जोड़े। बाद में मूनी और काश्वी गौतम (18) ने भी अहम साझेदारी की।

दिल्ली की ओर से चिनेल हेनरी (3/35) ने शुरुआती बढ़त दिलाई, जबकि नंदिनी शर्मा (2/44) ने अपने पहले ही ओवर में दो बड़े विकेट लेकर असर डाला।

हालांकि अंतिम ओवरों में गुजरात ने तेजी दिखाई, लेकिन दिल्ली की मजबूत बल्लेबाज़ी के सामने 168 रन का स्कोर नाकाफी साबित हुआ।