18 IPL सीज़न के बाद भी विराट कोहली की आग बरकरार!

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच एंडी फ्लावर के अनुसार, विराट कोहली की एक खिलाड़ी के रूप में नई ऊंचाइयों को छूने की “भूख और जुनून” 18 IPL सीज़न के बाद भी बिल्कुल कम नहीं हुआ है और वह अभी भी अपने खेल के शिखर पर हैं।

पिछले साल जब RCB ने अपना पहला IPL खिताब जीता था, तब कोहली टीम के टॉप रन स्कोरर थे, जिन्होंने 657 रन बनाए थे। फ्लावर को ऐसा कोई कारण नहीं दिखता कि यह दिग्गज बल्लेबाज इस बार भी वैसा प्रदर्शन न दोहराए।

“मैंने उन्हें नेट्स में बहुत ध्यान से देखा है, वह अपने खेल के टॉप पर नजर आते हैं। वह बेहद फिट हैं। मैंने उन्हें शटल रन करते देखा, वह बहुत हल्के-फुल्के, फिट, लीन और भूखे नजर आते हैं,” फ्लावर ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा।

उन्होंने आगे कहा, “वह हमेशा से बहुत भूखे और दृढ़ निश्चयी रहे हैं। अभी वह मानसिक और भावनात्मक रूप से भी एक अच्छे स्थान पर हैं, जहां वह खुद के साथ सहज हैं, लेकिन एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में खुद को आगे बढ़ाने की भूख भी रखते हैं।”

हालांकि कोहली जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज़ के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेलेंगे, लेकिन फ्लावर ने इस ब्रेक को ज्यादा अहम नहीं माना।

उन्होंने कहा, “हमने इस गैप को लेकर बात की है। मुझे हमेशा टॉप खिलाड़ियों को अभ्यास करते देखना उतना ही पसंद है जितना मैच खेलते देखना। जब मैं खेलता था, तब मुझे सचिन को प्रैक्टिस करते देखना अच्छा लगता था। अब कोच होने के बावजूद मैं महान खिलाड़ियों को उनके खेल में देखना पसंद करता हूं।”

“वह इस समय बहुत अच्छे फॉर्म में हैं। ट्रेनिंग में जिस तरह से वह गेंद को टाइम और हिट कर रहे हैं, उससे लगता है कि वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर में हैं। वह जानते हैं कि वह कम क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन फिलहाल वह अपने खेल के टॉप पर हैं।”

फ्लावर ने RCB के कप्तान रजत पाटीदार की भी जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा, “यह काफी शानदार है कि कप्तानी के पहले ही साल में रजत ने RCB को ट्रॉफी जिताई। उनके पास पहले ज्यादा कप्तानी का अनुभव नहीं था, लेकिन हमें उनकी लीडरशिप पसंद आई। वह काफी शांत और भरोसेमंद हैं, और टीम में उनका सम्मान है।”

उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को पाटीदार के लिए एक बेहतरीन उपकप्तान बताया।

“जितेश ज्यादा ऊर्जावान हैं और विकेटकीपर होने के नाते वह खेल को करीब से समझते हैं। वह खेल के अच्छे स्टूडेंट हैं और रणनीतिक रूप से भी जागरूक हैं। दोनों का साथ में काम करना टीम के लिए फायदेमंद है,” उन्होंने कहा।

फ्लावर ने यह भी कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से कप्तानी आसान हो जाती है।

“क्रुणाल पांड्या जैसे समझदार खिलाड़ी टीम में हैं, जिन्होंने पिछले सीज़न में शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही जोश हेज़लवुड जैसे शांत खिलाड़ी भी टीम को संतुलन देते हैं। लीडरशिप सिर्फ एक या दो लोगों की नहीं होती, बल्कि पूरी टीम मिलकर बेहतर प्रदर्शन करती है।”

IPL 2026 में RCB डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतर रही है, ऐसे में क्या टीम पर दबाव होगा?

इस पर फ्लावर ने कहा, “पिछला साल हमारे लिए गर्व का पल था। लेकिन अब 2026 है और हमारा पूरा ध्यान इस सीज़न पर है। हमें आगे बढ़ना है और आने वाली चुनौतियों पर फोकस करना है।”