
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के बावजूद रवि शास्त्री अभिषेक शर्मा की मौजूदा फॉर्म को लेकर बिल्कुल चिंतित नहीं हैं। भारत के पूर्व मुख्य कोच का मानना है कि दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज़ ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन को टूर्नामेंट के अहम दौर के लिए बचाकर रखा है।
भारत रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टूर्नामेंट की फेवरेट मानी जा रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 अभियान की शुरुआत करेगा।
आईसीसी रिव्यू पर बात करते हुए शास्त्री ने कहा, “मैं इसे एक पॉजिटिव के तौर पर देखता हूं कि अभिषेक शर्मा तीन बार शून्य पर आउट हुए हैं। अब टूर्नामेंट के सबसे अहम समय के लिए अपना बेस्ट बचाकर रखो। टीमें थोड़ा चिंतित जरूर होंगी कि उसे अभी तक रन नहीं मिले हैं।”
नीदरलैंड्स के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में भारत ने दो बदलाव किए थे — कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया और अक्षर पटेल को आराम देकर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया। शास्त्री का मानना है कि रविवार को बड़ा सवाल यही होगा कि अक्षर को खिलाया जाए या सुंदर को। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को पिछले मैच वाली प्लेइंग इलेवन के साथ ही उतरना चाहिए।
शास्त्री ने कहा, “मुझे लगता है टीम लगभग वही रहेगी क्योंकि उसमें गहराई है, सभी विकल्प मौजूद हैं और हर स्थिति के लिए तैयारी है।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “जब ओस होती है तो अतिरिक्त गेंदबाज़ी विकल्प बहुत जरूरी हो जाता है। चाहे वह शिवम दुबे हों, हार्दिक पांड्या अपने पूरे ओवर डालें या तिलक वर्मा एक-दो ओवर निकाल लें — ऐसे विकल्प चाहिए होते हैं। मुझे नहीं लगता टीम ज्यादा छेड़छाड़ करेगी। पिछला मैच खेलने वाली टीम काफी संतुलित थी।”
हालांकि, पूर्व ऑलराउंडर ने भारत को दक्षिण अफ्रीका को हल्के में न लेने की चेतावनी भी दी।
उन्होंने कहा, “टीम में जबरदस्त आत्मविश्वास है और मुकाबला शानदार होने वाला है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका कोई आसान टीम नहीं है। वे पूरी टक्कर देंगे। ऊपर से यह 2024 वर्ल्ड कप फाइनल का रीमैच भी है, इसलिए हर कोई इसका इंतज़ार कर रहा है।”








