
युवराज समरा का शानदार शतक भी कनाडा के काम नहीं आ सका, क्योंकि न्यूजीलैंड ने मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कनाडा को 8 विकेट से हराकर सुपर 8 चरण में प्रवेश कर लिया।
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप और रचिन रवींद्र के अर्धशतकों की बदौलत आसानी से जीत हासिल की। कीवी टीम एक समय 30 रन पर 2 विकेट खोकर दबाव में थी, लेकिन फिलिप्स और रवींद्र ने मोर्चा संभालते हुए पांच ओवर शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।
इससे पहले कनाडा ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 173 रन बनाए। इसमें युवराज समरा की शानदार 110 रन की पारी सबसे खास रही। 19 वर्षीय समरा ने महज़ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टी20 विश्व कप में किसी एसोसिएट देश के पहले बल्लेबाज़ बने जिन्होंने शतक जड़ा। दिलप्रीत बाजवा ने 36 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया, जिससे कनाडा एक मजबूत स्कोर तक पहुंच सका।
न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा तेज़ शुरुआत के साथ किया। फिन एलन ने सिर्फ 8 गेंदों में 21 रन बनाए, लेकिन साद बिन ज़फर ने टिम सीफर्ट को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद डिलन हेलिगर ने एलन को पवेलियन भेज दिया और न्यूजीलैंड चार ओवर में ही 30 पर 2 विकेट गंवा बैठा।
दबाव में आए रचिन रवींद्र ने पारी को संभाला और दिलप्रीत बाजवा व जसकरण सिंह की गेंदों पर चौके लगाए। दूसरे छोर पर ग्लेन फिलिप ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जो टी20 विश्व कप में किसी भी न्यूजीलैंड बल्लेबाज़ का सबसे तेज़ अर्धशतक रहा। उन्होंने कनाडा के स्पिन आक्रमण पर बड़े-बड़े छक्के जड़े।
रवींद्र और फिलिप्स के बीच 100 रनों की साझेदारी हुई और 13वें ओवर तक जरूरी रन रेट चार से नीचे आ गया। इसी दौरान रवींद्र ने मिड-विकेट पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
कनाडा के गेंदबाज़ इस साझेदारी को तोड़ने में नाकाम रहे और कुछ आसान कैच भी छूट गए। आखिरकार रवींद्र ने जसकरण की गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया। फिलिप 76 रन और रवींद्र 59 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड वेस्टइंडीज़, दक्षिण अफ्रीका, भारत, इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ सुपर 8 में पहुंच गया।








