
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और अब कोच बने माइकल क्लिंगर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हालिया सीरीज ने साफ दिखा दिया है कि आने वाले टी20 वर्ल्ड कप में मौजूदा चैंपियन भारत को हराना बेहद कठिन होगा।
डब्ल्यूपीएल टीम गुजरात जायंट्स के हेड कोच क्लिंगर के मुताबिक, भारत का आक्रामक टॉप ऑर्डर उसे टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम बनाता है।
क्लिंगर ने कहा, “जिस फॉर्म में भारत है और जैसा प्रदर्शन मैंने न्यूजीलैंड के खिलाफ देखा, भारत को हराना बहुत मुश्किल होगा। शायद कोई टीम फाइनल में भारत को किसी खराब दिन पर ही हरा पाए।”
क्लिंगर के मुताबिक भारत की नई बैटिंग रणनीति में सबसे बड़ा नाम बनकर उभरे हैं अभिषेक शर्मा।
टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक ने 33 मैचों में करीब 1297 रन बनाए हैं, वो भी लगभग 195 के स्ट्राइक रेट से, जिसमें 2 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
क्लिंगर बोले, “अभिषेक शर्मा अब मेरे फेवरेट खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं। मैं उन्हें काफी समय से देख रहा हूं। आईपीएल में ट्रैविस हेड के साथ ओपनिंग और अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी — वो बिल्कुल निडर हैं और देखने में शानदार लगते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक शर्मा और ईशान किशन लगातार न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे।
“ईशान किशन शानदार फॉर्म में लौटे हैं और वर्ल्ड कप की प्लेइंग इलेवन में जगह के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। भारत की बेंच स्ट्रेंथ इतनी मजबूत है कि चयन अब चिंता नहीं बल्कि सिरदर्द बन गया है।”
हालांकि क्लिंगर ने चेताया कि भारत के लिए रास्ता आसान नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका दोनों मजबूत टीमें हैं। खासकर साउथ अफ्रीका ने हाल ही में काफी टी20 क्रिकेट खेला है और वो भी खतरनाक साबित हो सकती है।”








