टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के बहिष्कार के ऐलान के बावजूद सूर्या कुमार यादव ने भारत के कोलंबो जाने की पुष्टि की!

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान द्वारा मैच के बहिष्कार की घोषणा के बावजूद टीम इंडिया आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए कोलंबो जाएगी।

हालांकि सूर्या ने माना कि यह स्थिति सभी के लिए मुश्किल है, खासकर आईसीसी के लिए, जिसने पाकिस्तान को गंभीर परिणामों की चेतावनी भी दी है।

सूर्यकुमार ने मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय में हुई कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है यह आसान स्थिति नहीं है। यह मेरा फैसला नहीं है। यकीनन आईसीसी भी कुछ समाधान निकालने की कोशिश कर रही होगी, लेकिन जब फैसला किसी सरकार या देश से आता है तो आईसीसी क्या कर सकती है?”

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को होना है, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को यह मुकाबला न खेलने का निर्देश दिया है। यह फैसला तब लिया गया जब बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा कारणों से खेलने से इनकार किया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।

सूर्या ने आगे कहा, “पाकिस्तान का फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनका फैसला बदल पाता, लेकिन यह उनका अपना कॉल है।”

उन्होंने कहा, “हमें बताया गया है कि 15 फरवरी को कोलंबो में मैच खेलना है। हमने एशिया कप में उनसे तीन बार खेला था, अच्छा क्रिकेट खेला और सभी मैच जीते थे। अगर कोलंबो में खेलने का मौका मिलेगा तो हम जरूर खेलेंगे।”

टी20 वर्ल्ड कप का पहला मैच भारत और अमेरिका के बीच शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। ग्रुप ए में भारत के साथ पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका शामिल हैं।

सूर्यकुमार ने साफ कहा, “हमारी सोच बिल्कुल साफ है। हमने खेलने से मना नहीं किया है, उन्होंने किया है। आईसीसी ने फिक्स्चर दिया है, हमारी फ्लाइट बुक हो चुकी है और हम कोलंबो जा रहे हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि इस स्थिति में कप्तान के तौर पर उनका नजरिया क्या है, तो उन्होंने कहा, “हमारी फ्लाइट कोलंबो की बुक है भाई और हम जा रहे हैं। टीम में भी सब कुछ क्लियर है — पहले 7 तारीख को मैच खेलेंगे, फिर दिल्ली जाएंगे और उसके बाद कोलंबो।”

उन्होंने दोहराया कि हालात मुश्किल जरूर हैं, लेकिन टीम इंडिया तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी और मैच के लिए जरूर पहुंचेगी।