
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार को हटाने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मंज़ूरी मांग सकते हैं। यह कदम उनके बांग्लादेशी समकक्ष की अपील के बाद उठाया जा रहा है, ऐसा PCB से जुड़े एक सूत्र ने बताया है।
सोमवार को नक़वी प्रधानमंत्री शरीफ को इस पूरे मामले पर अब तक हुई बातचीत और ताज़ा हालात की जानकारी देने वाले हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच यह अहम मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना तय है।
सूत्र के मुताबिक, “नक़वी प्रधानमंत्री को बताएंगे कि उन्होंने बांग्लादेश, श्रीलंका और यूएई क्रिकेट बोर्ड के साथ-साथ ICC से इस संकट को लेकर क्या बातचीत की है।”
रविवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीन उल इस्लाम लाहौर पहुंचे थे, जहां उन्होंने नक़वी और ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ चर्चा में हिस्सा लिया।
सूत्र ने बताया कि यूएई क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका दोनों ने पाकिस्तान से अपना फैसला बदलने की अपील की है। अमीन उल इस्लाम ने भी नक़वी से बहिष्कार हटाने का अनुरोध किया और बांग्लादेश क्रिकेट को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान का धन्यवाद किया।
इन सभी आग्रहों को देखते हुए नक़वी अब प्रधानमंत्री से भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति मांग सकते हैं। हालांकि आख़िरी फैसला शहबाज़ शरीफ का होगा और PCB उसी के अनुसार कदम उठाएगा।
बैठक के दौरान नक़वी ने ICC के इमरान ख्वाजा के सामने कई मुद्दे भी उठाए। उन्होंने सवाल किया कि अगर पाकिस्तान ने एशिया कप की ट्रॉफी किसी भारतीय अधिकारी से लेने से इनकार किया होता, तो क्या ICC चुप रहती?
गौरतलब है कि नक़वी इस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख भी हैं और उन्होंने साफ कर दिया था कि ट्रॉफी से जुड़ी औपचारिकताएं वही निभाएंगे। इसी वजह से ट्रॉफी अभी भी दुबई स्थित ACC मुख्यालय में रखी हुई है।
बता दें कि भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर खेलने से मना करने पर बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया था।








