दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5वें टी20 से बाहर हुए शुभमन गिल: जानिए वजह!

लखनऊ में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मुकाबला स्मॉग के कारण रद्द होने से पहले ही, रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल को सीरीज के बचे हुए मुकाबलों से बाहर कर दिया गया था।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, खराब फॉर्म से जूझ रहे ओपनर शुभमन गिल पैर की उंगली (टो) में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल नहीं खेल पाएंगे।

बताया गया है कि यह चोट उन्हें एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान लगी थी और उनकी जल्द रिकवरी सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

पीटीआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया, “चौथे टी20 की पूर्व संध्या पर शुभमन ने नेट्स में लंबा बल्लेबाजी सत्र किया था। सत्र के आखिर में उन्हें बल्लेबाजी के दौरान पैर की उंगली पर गेंद लगी। उन्हें काफी दर्द हुआ और वे लंगड़ाते नजर आए। ऐसे में बुधवार को उनका खेलना मुश्किल था। इसी वजह से वे टीम के साथ नहीं गए। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि वे अहमदाबाद में खेल पाएंगे या नहीं।”

राष्ट्रीय चयन समिति और टीम मैनेजमेंट अपने इस विशेषज्ञ शीर्षक्रम बल्लेबाज को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते, क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज टी20 वर्ल्ड कप से पहले आखिरी सीरीज होगी और उसी टीम के खिलाड़ी वर्ल्ड कप में भी खेलेंगे।

इससे पहले भी शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। कोलकाता में पहले टेस्ट के दूसरे दिन उन्हें गर्दन में चोट लगी थी, जिसके चलते उन्हें दो दिन अस्पताल में रहना पड़ा। वे गुवाहाटी टेस्ट और इसके बाद की वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी करने वाले थे, लेकिन दोनों ही सीरीज से बाहर हो गए थे।

टी20 सीरीज से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) ने उन्हें फिट घोषित किया था, हालांकि इस बात को लेकर आलोचना भी हुई थी कि उन्हें संजू सैमसन की जगह टीम में चुना गया, जिन्होंने पिछले सीजन में तीन शतक लगाए थे।

इस सीरीज में शुभमन का प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने पहले दो मैचों में 4 और 0 रन बनाए, जबकि धर्मशाला में तीसरे टी20 में उन्होंने रन-ए-बॉल 28 रन जरूर बनाए, लेकिन वे सहज नजर नहीं आए।

इसके बावजूद, गौतम गंभीर की अगुआई वाला पूरा कोचिंग स्टाफ इस बात को लेकर आश्वस्त है कि शुभमन गिल फरवरी में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करेंगे।