साइना नेहवाल ने संन्यास लिया, कहा – अब शरीर एलीट बैडमिंटन का बोझ नहीं झेल पा रहा!

भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आधिकारिक रूप से प्रतिस्पर्धी बैडमिंटन से संन्यास की घोषणा कर दी है। पिछले दो वर्षों से गंभीर घुटने की चोट के कारण खेल से दूर रहीं साइना ने कहा कि अब उनका शरीर इस खेल की शारीरिक मांगों को सहन नहीं कर पा रहा है।

2012 लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने आखिरी बार 2023 में सिंगापुर ओपन में मुकाबला खेला था, लेकिन तब उन्होंने औपचारिक रूप से संन्यास की घोषणा नहीं की थी।

एक पॉडकास्ट में साइना ने कहा, “मैंने दो साल पहले ही खेलना छोड़ दिया था। मुझे लगा कि मैंने अपने तरीके से खेल शुरू किया और अपने तरीके से ही छोड़ा, इसलिए अलग से घोषणा करने की जरूरत नहीं थी। अगर आप खेलने लायक नहीं हैं, तो बस वहीं खत्म हो जाता है।”

पूर्व विश्व नंबर-1 खिलाड़ी ने बताया कि घुटने की हालत बहुत खराब हो चुकी है, जिस वजह से वह लंबे और तेज अभ्यास नहीं कर पा रही थीं।

उन्होंने कहा, “मेरी कार्टिलेज पूरी तरह खराब हो चुकी है, मुझे गठिया (आर्थराइटिस) हो गया है। यह बात मेरे माता-पिता और कोचों को पता होनी चाहिए थी। मैंने उनसे कहा कि अब शायद मैं यह नहीं कर सकती, बहुत मुश्किल है।”

साइना का मानना था कि जब वह मैच ही नहीं खेलेंगी तो लोगों को खुद ही समझ आ जाएगा कि उन्होंने खेल छोड़ दिया है। “धीरे-धीरे लोग भी समझ जाएंगे कि साइना अब नहीं खेल रही है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने बताया कि अब उनके घुटने थोड़ी देर की ट्रेनिंग भी नहीं झेल पा रहे थे।

“दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए आठ-नौ घंटे अभ्यास करना पड़ता है, लेकिन मेरा घुटना अब एक-दो घंटे में ही जवाब दे देता था। सूजन आ जाती थी और आगे अभ्यास करना बहुत मुश्किल हो जाता था। तब मुझे लगा, अब बस काफी है।”

रियो ओलंपिक 2016 के दौरान लगी गंभीर घुटने की चोट ने उनके करियर पर गहरा असर डाला। हालांकि इसके बाद उन्होंने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण और 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर शानदार वापसी की थी।

साइना ने 2024 में खुलासा किया था कि उनके घुटनों में आर्थराइटिस है और कार्टिलेज खराब हो चुकी है, जिससे उच्च स्तर पर अभ्यास करना बेहद कठिन हो गया है।