
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने गुरुवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम को जीत दिलाने वाली मुकुल चौधरी की शानदार पारी को “कमाल का प्रयास” बताया।
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी 12.5 ओवर में 104/5 पर संघर्ष कर रही थी। ऐसे में क्रीज पर मौजूद मुकुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 2 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत एलएसजी ने आखिरी गेंद पर तीन विकेट से जीत दर्ज की।
पंत ने मैच के बाद कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं, लेकिन क्या शानदार प्रयास था (मुकुल का)। एक चीज़ मैं हमेशा सुनिश्चित करता हूं कि जब आप किसी खिलाड़ी पर भरोसा करते हैं, तो वह कमाल कर सकता है। ऐसे मैचों से उसका किरदार और निखरकर सामने आता है। हम ज्यादा बात नहीं करना चाहते, लेकिन अंदर कुछ खास बन रहा है।”
पंत ने आयुष बडोनी की भी तारीफ की, जिन्होंने 34 गेंदों में अहम 54 रन बनाए।
उन्होंने कहा, “वह (बडोनी) अब हमारी टीम में सीनियर खिलाड़ी हैं। हमने उन्हें वही भूमिका दी है। ऐसे हालात में आप उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं।”
वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इस हार को स्वीकार करना मुश्किल बताया, लेकिन मुकुल की मैच जिताऊ पारी की सराहना की।
रहाणे ने कहा, “यह हार पचाना मुश्किल है, लेकिन जिस तरह हमने खेला उस पर गर्व है। मुकुल की पारी मैच बदलने वाली थी। आखिरी दो ओवर में कभी-कभी एक्जीक्यूशन में कमी रह जाती है, लेकिन उस साझेदारी का श्रेय मुकुल को जाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं था। दो ओवर में 30 रन चाहिए थे, तो हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश थी। कुछ गेंदें अच्छी थीं, लेकिन उसने शानदार बल्लेबाजी की।”
“जब आप हारते हैं तो यह समझना आसान होता है कि कहां सुधार कर सकते थे। इस विकेट पर 180 रन आसान नहीं थे। बल्लेबाज को श्रेय देना होगा। हमारी कोशिश थी कि आवेश को स्ट्राइक पर रखा जाए। पांच फील्डर ऊपर रखने पड़े, जो गेंदबाजों के लिए मुश्किल था,” रहाणे ने जोड़ा।








