
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव अब तक शानदार रहे हैं और उन्होंने 164 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 136.13 कुछ और ही कहानी बयां करता है। भारत के पूर्व बल्लेबाज़ संजय मांजरेकर ने सूर्यकुमार की जरूरत से ज़्यादा सतर्क बल्लेबाज़ी पर सवाल उठाए हैं और चाहते हैं कि भारतीय कप्तान सुपर 8 चरण में अपने नैचुरल अंदाज़ में लौटें।
मांजरेकर ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ सूर्यकुमार की 84 रन की पारी की जमकर तारीफ की, जब भारत 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुका था। उस समय सूर्यकुमार ने हालात के हिसाब से अपना खेल बदला, संयम दिखाया और फिर आखिर में तेजी से रन बनाकर टीम को संभाला। लेकिन मांजरेकर का मानना है कि इसके बाद से वह जरूरत से ज़्यादा संभलकर खेलने लगे हैं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर कहा, “सूर्यकुमार यादव के खेल में मुझे एक चीज़ दिख रही है जो मुझे ज्यादा पसंद नहीं आ रही। अमेरिका के खिलाफ 77 पर 6 विकेट गिरने के बाद उन्होंने शानदार तरीके से अपना खेल बदला, थोड़ा स्लो खेले और फिर विस्फोटक अंदाज़ में रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच बने — सब कुछ परफेक्ट था।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन उसके बाद से मुझे लगता है वह इसे कुछ ज्यादा ही आगे ले जा रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ जब भारत ने कुछ विकेट गंवाए तो उन्होंने पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। वह और तिलक वर्मा दोनों ही काफी कंजरवेटिव खेल रहे हैं। इसका नतीजा ये होता है कि हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाज़ों का पूरा इस्तेमाल ही नहीं हो पाता।”
मांजरेकर चाहते हैं कि अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले सुपर 8 मुकाबले में सूर्यकुमार फिर से अपने आक्रामक अंदाज़ में लौटें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “टी20 क्रिकेट में यह सोच बहुत खतरनाक है कि कोई सीनियर खिलाड़ी या कप्तान यह माने कि उसे क्रीज पर टिके रहना ही है और वही पारी को संभालेगा। जब आप 200 से ज्यादा का स्कोर बनाना चाहते हैं, तो टॉप चार में कोई बल्लेबाज़ अगर खुद को ‘कंट्रोलर’ समझने लगे, तो यह बहुत जोखिम भरा तरीका है। किसी भी बल्लेबाज़ को ऐसा नहीं सोचना चाहिए। सूर्यकुमार को इस बारे में सावधान रहना होगा।”








