
भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू (48 किग्रा) ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में 48 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नॉर्वे के फोर्डे में हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में यह उनकी तीसरी बार पोडियम फिनिश रही, जिससे उनके शानदार करियर में एक और उपलब्धि जुड़ गई।
2017 की वर्ल्ड चैम्पियन और 2022 की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई ने 49 किग्रा कैटेगरी से नीचे आने के बाद कुल 199 किग्रा (84 किग्रा स्नैच + 115 किग्रा क्लीन एंड जर्क) उठाकर मेडल अपने नाम किया।
स्नैच में उन्हें मुश्किल हुई और वह 87 किग्रा पर दो बार असफल रहीं, लेकिन क्लीन एंड जर्क में उन्होंने शानदार वापसी की और अपने सभी तीनों प्रयास पूरे किए।
पूर्व क्लीन एंड जर्क वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मीराबाई ने आसानी से 109, 112 और 115 किग्रा वजन उठाया। आखिरी बार उन्होंने 115 किग्रा टोक्यो ओलंपिक 2021 में उठाया था, जहां उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।
उत्तर कोरिया की री सॉन्ग गुम ने 213 किग्रा (91 किग्रा + 122 किग्रा) उठाकर गोल्ड मेडल जीता और अपने आखिरी दो लिफ्ट्स (120 किग्रा और 122 किग्रा) से क्लीन एंड जर्क और कुल दोनों वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े।
थाईलैंड की थान्यातोन सुक्चारोएन ने कुल 198 किग्रा (88 किग्रा + 110 किग्रा) उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।








