
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को कोलंबो में खेले गए ग्रुप ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी, जिसके बाद क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की।
महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने भारत के ऑलराउंड प्रदर्शन की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को बधाई दी।
सचिन ने ‘एक्स’ पर लिखा, “पावरप्ले में ही भारत ने मैच पाकिस्तान से छीन लिया था। पहली पारी में ईशान किशन की शानदार बल्लेबाज़ी और दूसरी पारी में हमारी घातक गेंदबाज़ी ने पूरा फर्क पैदा किया। हम शुरू से ही ड्राइविंग सीट पर थे। भारत ने आज रात कमाल कर दिया।”
यह इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत की लगातार तीसरी जीत थी। इससे पहले टीम इंडिया ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में अमेरिका को 29 रन से और नामीबिया को 93 रन से हराया था।
वहीं, पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान के प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला और इसे टी20 क्रिकेट में “17वीं सदी की सोच” करार दिया।
सहवाग ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “ईशान किशन ने एकदम धुरंधर अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। सारे तथाकथित छोटे टीमों में पाकिस्तान भारत के लिए सबसे आसान साबित हुआ क्योंकि वे टी20 क्रिकेट को आज भी 17वीं सदी की सोच से खेलते हैं। हमेशा की तरह उनकी जमकर धुनाई हुई — फुल कंबल कुटाई।”
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने ईशान किशन के तूफानी 40 गेंदों में 77 रन की बदौलत 20 ओवर में 175/7 का स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई।
अब भारत अपना आखिरी ग्रुप ए मुकाबला बुधवार (18 फरवरी) को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा। उसी दिन पाकिस्तान का सामना नामीबिया से होगा।
फिलहाल भारत तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर है। पाकिस्तान दो जीत और एक हार के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया है, जबकि अमेरिका दो जीत और दो हार के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद है।








