लाबुशेन हैरान: PSL मैच के दौरान गेंद का रंग बदला, बोले – ‘ऐसा पहले कभी नहीं देखा’!

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के पहले ही मैच में एक बड़ा विवाद सामने आ गया, जब लाहौर क़लंदर्स और हैदराबाद किंग्समेन के बीच गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में खेले गए मुकाबले के दौरान गेंद का रंग बदल गया।

मैच के बीच में ही सफेद गेंद का रंग पहले गुलाबी और फिर लाल हो गया, जिससे मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी हैरान रह गए। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मार्नस लाबुशेन, जो हैदराबाद किंग्समेन की ओर से खेल रहे थे, ने इस बात की शिकायत अंपायर से की। उन्होंने देखा कि उनकी टीम की जर्सी का रंग गेंद पर लग रहा है।

क्रिकेट में खिलाड़ी अक्सर गेंद को चमकाने के लिए अपनी जर्सी पर रगड़ते हैं, लेकिन इस बार जर्सी का रंग ही गेंद पर उतर गया, जो बेहद असामान्य था।

लाबुशेन ने मैच के बाद कहा, “मैंने दूसरे ओवर के बाद ही अंपायर से पूछा कि क्या हो रहा है? गेंद लाल हो रही है। शायद यह कपड़ों की वजह से है। मैंने अपने करियर में ऐसा कभी नहीं देखा।”

इस अजीब घटना से लाबुशेन खुद भी चौंक गए और उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में इस समस्या को ठीक कर लिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा, “मैंने पहले ऐसा देखा है कि बल्ले या पैड से थोड़ा रंग गेंद पर लग जाता है, लेकिन कपड़ों से ऐसा होना पहली बार देख रहा हूं। मुझे यकीन है कि इसे जल्द ठीक किया जाएगा।”

मैच जीतने के बाद लाहौर क़लंदर्स को हैदराबाद किंग्समेन ने सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज़ में बधाई दी और इसे PSL का पहला ‘पिंक बॉल मैच’ बताया।

इस घटना के बाद PSL की काफी आलोचना हो रही है और फैंस सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बड़ी लीग में इतनी खराब क्वालिटी की जर्सी कैसे इस्तेमाल की गई।