फिन एलन के विवादित आउट पर KKR ने तोड़ी चुप्पी, आखिरी गेंद की हार के बाद बताया ‘ब्लंडर’!

आईपीएल 2026 में लगातार दूसरे दिन एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरी गेंद पर कोलकाता नाइट राइडर्स को हरा दिया। एलएसजी को आखिरी दो गेंदों में 7 रन चाहिए थे, जहां मुकुल चौधरी ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और अंतिम गेंद पर एक रन लेकर 182 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

हालांकि, केकेआर को अपने ओपनर फिन एलन के विवादित आउट का काफी मलाल रहा। एलन को तीसरे मैन पर दिग्वेश राठी ने कैच किया था, लेकिन रीप्ले में एक एंगल में साफ दिख रहा था कि उनका पैर बाउंड्री रोप को छू रहा था। इसके बावजूद तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केकेआर के रोवमैन पॉवेल ने इस फैसले को अंपायरिंग की “बड़ी गलती (ब्लंडर)” बताया और सवाल उठाया कि तीसरे अंपायर ने साफ तस्वीर के लिए कई एंगल क्यों नहीं देखे।

पॉवेल ने कहा, “बिल्कुल (और एंगल देखने चाहिए थे)। हमने इस बारे में बात की जब वह बाहर आए। हमने आईपीएल में देखा है कि अंपायर इससे भी कम क्लोज मामलों में ऊपर जाते हैं। शायद यह उनकी गलती थी, लेकिन हम यह नहीं कहेंगे कि इसी वजह से हम मैच हारे।”

अगर उस गेंद पर एलन आउट न होते और छक्का लगाते, तो केकेआर के खाते में 6 रन और जुड़ सकते थे, जिससे मैच का नतीजा बदल सकता था।

एक समय केकेआर मैच पर पकड़ बनाए हुए थी, जब एलएसजी को आखिरी दो ओवर में 30 रन चाहिए थे। लेकिन इसके बाद मुकुल चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।

पॉवेल ने आगे कहा, “यह बहुत निराशाजनक है। आप कोलकाता और ईडन गार्डन्स को अपना किला बनाना चाहते हैं। यह आपका घर है, जहां आपके फैंस आपके साथ होते हैं। घर पर जीतना हमेशा अच्छा लगता है, लेकिन आज हम ऐसा नहीं कर पाए।”

उन्होंने टीम के प्रयास की सराहना करते हुए कहा,
“लड़कों को पूरा श्रेय जाता है। 181 रन बनाने के बाद हमें लगा था कि हम मैच जीत सकते हैं। लेकिन उस युवा खिलाड़ी को भी श्रेय देना होगा, उसने शानदार बल्लेबाजी की।”

इस हार के साथ केकेआर अभी भी आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश में है। टीम अब तक तीन मैच हार चुकी है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया।