
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला शुक्रवार, 14 नवम्बर से शुरू होगी। दक्षिण अफ्रीका मौजूदा विश्व टेस्ट चैम्पियन है, और ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिये चुनौती आसान नहीं रहने वाली है।
पाकिस्तान के खिलाफ उनकी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र की शुरुआत 1-1 की बराबरी से हुई थी, और अब भारत में उन्हें कड़े इम्तिहान का सामना करना होगा।
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ कागिसो रबाडा ने कहा कि उनकी युवा टीम इस चुनौती के लिये पूरी तरह तैयार है।
रबाडा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ”भारत में जाकर खेलना हमेशा चुनौती भरा होता है, लेकिन आपको उस चुनौती को स्वीकार करना पड़ता है। हमारी टीम युवा है और जिन्हें भी इस दौरे के लिये चुना जायेगा, वे इसके लिये पूरी तरह तैयार होंगे।”
उन्होंने आगे कहा, ”भारत में जाकर विदेशी सीरीज़ जीतना एक शानदार उपलब्धि होगी। यह बेहद रोमांचक है और हम उसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहे हैं।”
रबाडा ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में महत्वपूर्ण 71 रन बनाये थे और सेनुरन मुथुसामी के साथ दसवें विकेट के लिये 98 रन जोड़कर टीम को हार की कगार से निकालकर जीत दिलवायी थी।
टेम्बा बवुमा, जिन्होंने पाकिस्तान दौरा चोट के कारण मिस किया था, मौजूदा विश्व टेस्ट चैम्पियनों की कप्तानी करते हुए भारत के खिलाफ इस टेस्ट श्रृंखला में वापसी करेंगे।








