आईटीटीएफ वर्ल्ड कप: मणिका बत्रा ने लिली झांग को हराकर उम्मीदें बरकरार रखीं!

भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा ने आईटीटीएफ टेबल टेनिस वर्ल्ड कप में शानदार वापसी करते हुए नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। उन्होंने मंगलवार को मकाऊ, चीन में कड़ा मुकाबला जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।

मणिका ने अमेरिका की लिली झांग को ग्रुप 4 के मुकाबले में 3-2 (11-7, 11-2, 14-16, 5-11, 11-6) से हराया। यह मैच 43 मिनट तक चला। तीन बार की ओलंपियन मणिका इससे पहले अपने पहले मुकाबले में जापान की मिवा हरिमोटो से हार गई थीं।

वहीं, इसी टूर्नामेंट में भारत की श्रीजा अकुला को ग्रुप 2 के अपने पहले मैच में पुर्तगाल की फू यू के खिलाफ 1-3 (11-8, 9-11, 13-15, 8-11) से हार का सामना करना पड़ा। अब उनका अगला मुकाबला बुधवार को चीन की विश्व नंबर 2 खिलाड़ी वांग मान्यू से होगा।

पुरुष वर्ग में भारत के मानव ठक्कर के लिए स्थिति ‘करो या मरो’ जैसी हो गई है। ग्रुप 2 में अपने पहले मैच में उन्हें कोरिया के पार्क गांग-ह्योन के खिलाफ 0-3 से हार मिली थी। अब उन्हें स्वीडन के ओलंपिक रजत पदक विजेता ट्रुल्स मोरेगार्ड के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मणिका को हरिमोटो के खिलाफ 0-3 (16-18, 4-11, 6-11) से हार मिली थी, जो 31 मिनट चला था। वहीं पुरुष एकल में ठक्कर को पार्क गांग-ह्योन के खिलाफ 0-3 (7-11, 6-11, 8-11) से हार का सामना करना पड़ा था, जो 20 मिनट से भी कम समय में खत्म हो गया।

इस टूर्नामेंट में पुरुष और महिला एकल के कुल 16 ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें से हर ग्रुप का टॉपर ही राउंड ऑफ 16 के लिए क्वालीफाई करेगा।