IPL 2026: शुरुआती मैचों में पंजाब किंग्स के लिए क्यों नहीं खेलेंगे लॉकी फर्ग्यूसन!

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज़ लॉकी फर्ग्यूसन अपने पहले बच्चे के जन्म के बाद परिवार के साथ समय बिताने के लिए IPL 2026 के शुरुआती सात लीग मैचों में पंजाब किंग्स के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी फर्ग्यूसन ने बीच टूर्नामेंट में पितृत्व अवकाश (पैटरनिटी लीव) लिया था और सुपर 8 चरण से पहले न्यूजीलैंड लौट गए थे।

पिछले सीजन में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह पंजाब किंग्स के लिए सिर्फ चार मैच ही खेल पाए थे। हालांकि, टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2014 के बाद पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया था।

ऑकलैंड में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच से पहले फर्ग्यूसन ने IPL से ब्रेक लेने के बारे में बात की।

उन्होंने कहा, “अभी मेरा एक छोटा बेटा हुआ है, इसलिए मैं घर पर ज्यादा से ज्यादा समय बिताने और पत्नी की मदद करने की कोशिश कर रहा हूं। इसके बाद मैं कुछ हफ्तों का ब्रेक लूंगा और फिर IPL के आखिरी चरण में टीम से जुड़ूंगा।”