आईपीएल 2026: विराट कोहली आधार स्तंभ, खिताब बचाने की रणनीति में जुटी आरसीबी!

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के क्रिकेट निदेशक मो बॉबट ने विराट कोहली के 18 वर्षों के “अविश्वसनीय” रिकॉर्ड पर हैरानी जताते हुए कहा कि टीम प्रबंधन का कर्तव्य है कि वह इस सुपरस्टार को एक चैंपियन टीम दे, जिसने अपनी युवावस्था और करियर का स्वर्णिम दौर फ्रेंचाइज़ी को समर्पित किया है।

18 साल के लंबे इंतजार के बाद आरसीबी ने पिछले सीजन अपना पहला खिताब जीता था और अब वह 2026 आईपीएल में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी।

आरसीबी पॉडकास्ट पर बॉबट ने कहा, “विराट कोहली इस टीम के हमेशा आइकन और हीरो रहेंगे। यह कभी बदलने वाला नहीं है और वह इसके हकदार हैं। उनका रिकॉर्ड अविश्वसनीय है। पिछले सीजन एक समय मैंने उनके आंकड़े देखे — करीब 9,000 रन, 18 साल तक सिर्फ एक ही टीम की जर्सी पहनकर। इसका मतलब है हर सीजन लगभग 500 रन। यह सच में अविश्वसनीय है। कुछ खिलाड़ी सात साल में एक बार 500 रन का सीजन पाकर खुश होते हैं, और उन्होंने 18 साल तक हर सीजन औसतन 500 रन बनाए हैं। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।”

2008 से कोहली आरसीबी की रीढ़ की हड्डी रहे हैं। वह आईपीएल इतिहास में एक ही टीम के लिए लगभग 9,000 रन बनाने वाले शीर्ष स्कोरर हैं, जिसमें आठ शतक शामिल हैं। 2016 में उन्होंने एक सीजन में रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे।

कोहली के इर्द-गिर्द चैंपियन टीम बनाने पर बॉबट ने कहा, “एंडी (फ्लावर) और मैं उनके लिए सबसे अच्छा यही कर सकते हैं कि उन्हें एक चैंपियन टीम दें। वह अपने करियर के उस दौर में हैं जहां वह लगातार जीतना चाहते हैं। उन्हें अच्छे खिलाड़ी चाहिए, क्योंकि वह विजेता हैं।”

आईपीएल 2025 से पहले रजत पाटीदार को कप्तान बनाया गया था, जिन्होंने फाफ डु प्लेसिस की जगह ली और टीम को खिताब दिलाया।

कप्तानी के फैसले पर बॉबट ने कहा, “हमने कप्तानी को लेकर बहुत सोच-विचार किया। अपने करियर में शायद ही किसी फैसले पर इतना समय लगाया हो। फाफ जैसे चैंपियन व्यक्ति हमारे पास थे और वह अभी भी अच्छा खेल रहे थे। हम उन्हें जारी रख सकते थे।

लेकिन खेल कठोर होता है। हमें उम्र और भविष्य को देखना था। बड़े ऑक्शन ने हमें रीसेट का मौका दिया। हमने सोचा कि एक भारतीय कप्तान होना बहुत जरूरी है। यह भारतीय प्रतियोगिता है, इसलिए भारतीय कप्तान अहम है।”

आने वाले सीजन को लेकर बॉबट ने साफ किया कि टीम “डिफेंड” करने के बजाय “अटैक” करने के इरादे से उतरेगी।

“हम खुद को डिफेंडिंग चैंपियन नहीं मानते। हम कुछ बचा नहीं रहे, बल्कि लगातार दूसरी जीत के पीछे दौड़ रहे हैं।”

लॉन्ग टर्म कैप्टेंसी योजना पर बॉबट ने संकेत दिया कि पाटीदार आगे भी कप्तान बने रह सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2024 सीजन के बाद लंदन में उन्होंने और कोच एंडी फ्लावर ने कोहली से इस विषय पर चर्चा की थी।

“वह हमेशा लीडरशिप के लिए तैयार रहते हैं। उन्हें दूसरी बार पूछने की जरूरत नहीं होती। लेकिन हमने कहा कि यह फैसला सिर्फ हमारे तीन लोगों के बारे में नहीं है, बल्कि पूरी फ्रेंचाइज़ी के भविष्य से जुड़ा है। हो सकता है भविष्य में हम न हों, लेकिन रजत कप्तान बने रहें।”

उन्होंने आगे कहा, “सबसे आसान तरीका यह होता कि हम विराट से कहते कि आप फिर से कप्तानी संभाल लीजिए। लेकिन इससे हम फैसले को आगे टाल देते। हम हमेशा विराट पर निर्भर नहीं रह सकते। विराट समझदार हैं, उन्होंने बात तुरंत समझ ली। उन्होंने कहा कि पहले अन्य विकल्पों पर सोचें, जरूरत हो तो मैं हूं।”

अब आरसीबी की नजर लगातार दूसरा खिताब जीतकर अपनी नई विरासत को मजबूत करने पर है, और इस सफर में विराट कोहली अब भी टीम की सबसे बड़ी ताकत बने हुए हैं।