आईपीएल 2026: अजिंक्य रहाणे के लिए विराट कोहली वाला टेम्पलेट अपनाने की सलाह!

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे को विराट कोहली के नक्शे कदम पर चलने की सलाह दी है। कैफ ने बताया कि कैसे कोहली ने स्पिन गेंदबाज़ी के खिलाफ अपने खेल में बदलाव करके आलोचकों को जवाब दिया।

कैफ के अनुसार, जब कोहली के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठे, तो उन्होंने अपने शॉट्स की विविधता बढ़ाई और स्पिनर्स के खिलाफ ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि रहाणे को भी टी20 क्रिकेट की बदलती मांगों के अनुसार अपने खेल में ऐसा ही बदलाव लाना होगा।

उन्होंने कहा, “विराट कोहली भी इसी स्थिति में थे। उनका स्ट्राइक रेट स्पिनर्स के खिलाफ गिर रहा था। उन्होंने स्पिनर्स पर अटैक करके और नए शॉट्स खेलकर सबका मुंह बंद कर दिया। रहाणे के पास अभी स्पिन के खिलाफ सिर्फ स्लॉग स्वीप है। उन्हें सीधे बल्ले से पावर-हिटिंग और ज्यादा शॉट्स विकसित करने होंगे। कोहली ने शानदार उदाहरण पेश किया है और रहाणे को उससे सीखना चाहिए।”

रहाणे ने पिछले सीजन में अच्छी शुरुआत तो दिलाई, लेकिन उन्हें बड़े स्कोर में बदलने में सफल नहीं हो पाए। कैफ ने कहा कि 30-40 रन बनाकर आउट हो जाना अभी भी चिंता का विषय है, खासकर जब स्पिन गेंदबाज़ी सामने होती है।

उन्होंने कहा, “रहाणे ने पिछले सीजन में कई मैचों में 30-40 रन बनाए, लेकिन उन्हें एक भी ‘मैन ऑफ द मैच’ अवॉर्ड नहीं मिला। सवाल यह है कि वह बड़ी पारी क्यों नहीं खेल पा रहे। जैसे ही स्पिनर्स आते हैं, वह आउट हो जाते हैं।”

कैफ ने रहाणे को कप्तान बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह फैसला शायद ऑक्शन के आखिरी चरण में लिया गया और टीम को पहले लंबी अवधि के कप्तान के बारे में सोचना चाहिए था।

उन्होंने रिंकू सिंह को भविष्य का कप्तान बनाने की वकालत की।

कैफ ने कहा, “अब समय आ गया है कि केकेआर रिंकू सिंह को भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार करे। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। उनके रन अक्सर टीम को जीत दिलाने में मदद करते हैं।”

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के लिए केकेआर ने रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाया है, जो टीम की भविष्य की लीडरशिप योजना को दर्शाता है।

हालांकि, आईपीएल 2025 में खराब प्रदर्शन के बावजूद अजिंक्य रहाणे को कप्तान बरकरार रखा गया है और रिंकू सिंह उनके डिप्टी के रूप में टीम के साथ रहेंगे।