
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन का मानना है कि सनराइजर्स हैदराबाद अभी टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में है और वह आशावादी हैं कि 2016 की आईपीएल चैंपियन टीम आगे चलकर हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करेगी, भले ही उसने शुरुआती तीन मैचों में से दो हार झेली हो।
अपने पहले मैच में SRH को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ छह विकेट से हार मिली, जबकि हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें पांच विकेट से हराया। उनकी एकमात्र जीत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 65 रन से आई थी।
क्लासेन ने कहा, “अब तक हमारी बल्लेबाज़ी अच्छी रही है, लेकिन तीन मैचों में हम करीब 40 रन कम बना पाए। हमें और बेहतर बल्लेबाज़ी करनी होगी। जिन दो मैचों में हम हारे, वहां हम बल्लेबाज़ी में सही तरीके से प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमारे गेंदबाज़, खासकर तेज गेंदबाज़, शानदार रहे हैं। अगर हमें अपने गेंदबाज़ों को मैच जिताने का मौका देना है तो हमें 220-230 रन तक पहुंचना होगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी फील्डिंग खराब रही है और यही हमें नुकसान पहुंचा रही है। मैं अब तक हमारे प्रदर्शन को 10 में से 6 अंक दूंगा। हमने कुछ हिस्सों में शानदार क्रिकेट खेली, लेकिन अहम मौकों पर चूक गए। गेंदबाज़ योजना के मुताबिक अच्छा कर रहे हैं, बल्लेबाज़ी भी 80 प्रतिशत ठीक है, लेकिन फील्डिंग में सुधार जरूरी है। अगर हमें 8-9 अंक तक पहुंचना है तो तीनों विभागों में संतुलन बनाना होगा।”
क्लासेन, जिन्होंने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब सिर्फ फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट खेल रहे हैं, अपनी व्यक्तिगत फॉर्म से खुश हैं। उन्होंने हाल के दो मैचों में लगातार अर्धशतक लगाए हैं।
उन्होंने कहा, “भले ही हम दो मैच हार गए, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर यह मेरे लिए अच्छा शुरुआत रहा है। मैं अपनी फॉर्म को जारी रखना चाहता हूं।”
उन्होंने नंबर-4 पर अपनी भूमिका को लेकर भी संतोष जताया और कहा कि यह उनकी पुरानी भूमिका है, जहां उन्हें हर परिस्थिति के अनुसार खुद को ढालना होता है।
क्लासेन ने यह भी स्वीकार किया कि कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा नुकसान है। कमिंस पीठ की चोट के कारण स्कैन के लिए घर गए हैं और उम्मीद है कि 17 अप्रैल के आसपास वापसी करेंगे। उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
“पैट की कमी जरूर महसूस होती है, लेकिन ईशान शानदार काम कर रहे हैं। वह सलाह लेते हैं और उनके फैसले भी अच्छे रहे हैं। उनके साथ खेलना मुझे अच्छा लग रहा है,” क्लासेन ने कहा।
उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर भी बात की और कहा कि महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी टीम पर ज्यादा असर नहीं डालती, सिवाय उनकी लीडरशिप के।
“CSK एक मजबूत टीम है। धोनी नहीं हैं तो फर्क ज्यादा नहीं पड़ता, लेकिन उनकी कप्तानी जरूर मिस होती है। हालांकि उनके न होने से दर्शकों का उत्साह थोड़ा कम हो सकता है,” उन्होंने कहा।
क्लासेन ने CSK के बल्लेबाज़ों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मजबूत बल्लेबाज़ी लाइनअप को रोकने के लिए ज्यादा डॉट बॉल डालनी होगी।
आखिर में उन्होंने कहा कि उन्हें स्पिन गेंदबाज़ों के खिलाफ खेलना पसंद है और वह इस चुनौती का आनंद लेते हैं।
“मैंने काफी चार-दिवसीय क्रिकेट खेली है और स्पिन के खिलाफ अनुभव है। भारत और श्रीलंका में खेलने से मुझे काफी मदद मिली है। हालांकि यह अभी भी चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि स्पिनर मुझे आउट करने की कोशिश करते हैं और मैं उन्हें अटैक करने की कोशिश करता हूं,” उन्होंने कहा।








