IPL 2026: श्रेयस अय्यर ने टीम बॉन्डिंग पर जताया भरोसा, पंजाब किंग्स की नजर ट्रॉफी पर!

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को कहा कि IPL 2026 सीजन से पहले टीम मैदान के बाहर मजबूत तालमेल (कैमराडरी) बनाने पर ध्यान दे रही है और उनकी नजर ट्रॉफी जीतने पर है।

मोहाली में टीम की जर्सी लॉन्च के दौरान अय्यर ने शुरुआती चरण में टीमवर्क के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “यह वो समय है जब हम दो महीने तक एक परिवार की तरह साथ रहते हैं। जितना ज्यादा समय हम साथ बिताते हैं, उतना ही हम एक-दूसरे को बेहतर समझते हैं। अभी वो समय है जब हम यह बॉन्डिंग बना रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम ज्यादातर समय गेम रूम में बिताते हैं, FIFA और दूसरे गेम्स खेलते हैं। मैच की प्लानिंग आमतौर पर मैच से एक-दो दिन पहले होती है, लेकिन मैदान के बाहर बनी यह बॉन्डिंग हमें अंत में बेहतर नतीजे दिलाने में मदद करती है।”

पंजाब किंग्स अपने IPL 2026 अभियान की शुरुआत 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ घरेलू मैदान पर करेगी।

अय्यर ने अपने लक्ष्य के बारे में बात करते हुए कहा कि फैंस की उम्मीदों को वह एक चुनौती की तरह लेते हैं।

उन्होंने कहा, “उम्मीदें ज्यादा हैं, जो मजेदार है। मुझे चुनौतियां पसंद हैं। लेकिन सबसे जरूरी है कि जब भी हम मैदान पर उतरें, जीत के इरादे से उतरें। मेरी नजर ट्रॉफी पर है।”

हाल ही में चोट से जूझने वाले अय्यर ने अपनी वापसी के सफर को भी याद किया।

उन्होंने कहा, “चोट के बाद वापसी करना हमेशा मुश्किल होता है। मेरा करीब 7 किलो वजन कम हो गया था और उसे वापस पाने में काफी मेहनत लगी। लेकिन मुझे चुनौतियां पसंद हैं। मैं खुश हूं कि मैंने उस दौर को पार किया और अब गर्व के साथ टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं।”

वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने भी कप्तान के भरोसे को दोहराते हुए घरेलू दर्शकों के समर्थन की अहमियत बताई।

उन्होंने कहा, “जब दबाव महसूस होता है, तो वह एक सम्मान की बात होती है। जब दर्शक आपका समर्थन करते हैं, तो लगता है जैसे 30,000 लोग आपके साथ दौड़ रहे हैं। हम इस साल अपने सभी घरेलू मैच जीतने की कोशिश करेंगे।”

अर्शदीप ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए टीम मैनेजमेंट का आभार भी जताया।

उन्होंने कहा, “मेरा सफर शानदार रहा है। जब मैं पहली बार यहां आया था, तब उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मेरा पूरा साथ दिया। उन्होंने मेरी क्षमता को पहचाना, जब कोई और टीम ऐसा नहीं कर रही थी। मैं उनका आभारी हूं और लंबे समय तक यहां रहना चाहता हूं। मैं टीम के लिए कई ट्रॉफी जीतने के लिए उत्साहित हूं।”