आईपीएल 2026: पथिराना के केकेआर ओपनर से बाहर रहने पर शेन वॉटसन ने तोड़ी चुप्पी!

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आईपीएल 2026 में रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत अपने स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के बिना करेगी, जो अभी श्रीलंका क्रिकेट (SLC) से क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं।

केकेआर के सहायक कोच शेन वॉटसन ने कहा कि फ्रेंचाइजी उन्हें जल्द से जल्द टीम में शामिल करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। पथिराना को पिछले साल ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं।

वॉटसन ने कहा, “पथिराना के मामले में फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है। हम श्रीलंका क्रिकेट के दिशा-निर्देशों के अनुसार चल रहे हैं और उन्हें जल्द से जल्द यहां लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हमारी और श्रीलंका क्रिकेट की सोच एक जैसी है। हम चाहते हैं कि पथिराना फिट होकर हमारे साथ जुड़ें।

हम उन्हें किसी भी हालत में जल्दबाजी में वापसी के लिए मजबूर नहीं करेंगे। हम नहीं चाहते कि वह पहले मैच में जल्दी वापसी करें और फिर से चोटिल हो जाएं। वह ऑक्शन में हमारी पहली प्राथमिकताओं में से एक थे।

हमें पता है कि जब वह अपने सर्वश्रेष्ठ पर होते हैं, तो उनकी स्किल कितनी शानदार होती है और बल्लेबाजों के लिए कितनी मुश्किलें पैदा करते हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही टीम से जुड़ेंगे।”

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने आईपीएल की तारीफ करते हुए कहा कि इस लीग ने भारतीय क्रिकेट को काफी फायदा पहुंचाया है और कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं।

उन्होंने कहा, “भारतीय क्रिकेट के लिए यह शानदार है कि इतने बेहतरीन खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। लेकिन दुनिया की बाकी टीमों के लिए यह अच्छा नहीं है, क्योंकि भारत टी20 क्रिकेट में दूसरी, तीसरी या यहां तक कि ग्यारहवीं टीम भी उतार दे तो भी वह दुनिया की बेहतरीन टीमों को चुनौती दे सकती है और शायद जीत भी सकती है।”

केकेआर अंगकृष रघुवंशी को विकेटकीपर विकल्प के रूप में भी देख रही है, हालांकि टीम के पास न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट और फिन एलन जैसे विशेषज्ञ विकेटकीपर मौजूद हैं।

वॉटसन ने कहा, “रघुवंशी पिछले पांच-छह महीनों से विकेटकीपिंग पर कड़ी मेहनत कर रहा है। हमारे पास दिशांत याग्निक जैसे बेहतरीन फील्डिंग और विकेटकीपिंग कोच हैं, जिन्होंने उसके साथ लगातार काम किया है।

उसकी स्किल काफी अच्छी है और हमने उसे प्रैक्टिस मैचों में भी देखा है। वह आईपीएल और केकेआर के गेंदबाजों का सामना करने के लिए तैयार है। इससे हमारे पास टीम संयोजन के हिसाब से कई विकल्प मौजूद हैं।”