
चेन्नई सुपर किंग्स ने बोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा करने के बावजूद उसे बचाने में असफल रही, और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने शुक्रवार को खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ पांच विकेट की हार के लिए कमजोर गेंदबाज़ी को जिम्मेदार ठहराया।
आयुष म्हात्रे की 43 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी की बदौलत सीएसके ने 5 विकेट पर 209 रन बनाए, लेकिन वह पंजाब के बल्लेबाज़ों को रोक नहीं सकी। श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी की अगुवाई में मेहमान टीम ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद गायकवाड़ ने कहा, “हमें लगा था कि हमारे पास तीन तेज गेंदबाज़ हैं और बीच के ओवरों में दो अच्छे कलाई के स्पिनर भी हैं, जो पावरप्ले के बाद असर डाल सकते हैं। हमें लगा था कि इससे मदद मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन दोनों का थोड़ा खराब दिन रहा। यही हमारे लिए महंगा पड़ा। कभी हमने अच्छी गेंदबाज़ी की, लेकिन सही समय पर उसे लगातार नहीं दोहरा पाए।”
सीएसके कप्तान का मानना था कि मिडिल ओवरों में गेंदबाज़ी नियंत्रण नहीं रख पाई, जिसका खामियाजा टीम को अंत में भुगतना पड़ा।
उन्होंने कहा, “एक समय रन रेट 11 तक पहुंच गया था, और अगर हम कुछ अच्छे ओवर डालते तो इसे 12-13 तक ले जा सकते थे। लेकिन हम गेंदबाज़ी में बीच के ओवरों में मोमेंटम नहीं बना पाए।”
हालांकि उन्होंने बल्लेबाज़ी की तारीफ करते हुए कहा कि आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन गेंदबाज़ी विभाग में सुधार की जरूरत है।
वहीं दूसरी ओर, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की तारीफ की, जिन्होंने टीम को तेज और मजबूत शुरुआत दिलाई।
अय्यर ने कहा, “आज जिस तरह हमने शुरुआत की, वह हमारे लिए शानदार थी। आर्य और प्रभसिमरन जिस तरह बल्लेबाज़ी कर रहे हैं, वह बेहतरीन है और इससे टीम की लय बनती है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे खुशी है कि टीम के सभी खिलाड़ियों को बल्लेबाज़ी का मौका मिल रहा है। इससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है। जब भी हम दबाव में होते हैं, खिलाड़ी जानते हैं कि उसे कैसे संभालना है। हमने ड्रेसिंग रूम में तय किया है कि हम ऐसा क्रिकेट खेलेंगे जिससे हम एक-दूसरे को प्रभावित करें — इससे हमें स्पष्टता मिलती है और हम एक-दूसरे को चुनौती देते रहते हैं।”








