आईपीएल 2026: ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स में सकारात्मक माहौल बनाने का श्रेय!

मिचेल मार्श ने ऋषभ पंत की कप्तानी की जमकर तारीफ की और कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स के कैंप में जो शानदार माहौल है, उसका बड़ा श्रेय कप्तान की सुझावों के प्रति खुलेपन को जाता है। मार्श और एडेन मार्करम दोनों ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी कर चुके खिलाड़ी हैं।

मार्श ने कहा, “हमारा काम है कि हम टीम में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें और ऋषभ को पूरा समर्थन दें। वह एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं, जो टीम को बहुत अच्छी तरह लीड करते हैं। वह हमेशा फीडबैक और सुझावों के लिए खुले रहते हैं और उन्हें अपनाते भी हैं। हमारी टीम में कई अच्छे लीडर्स हैं, जो जरूरी भी है। मेरे लिए यह मायने रखता है कि जहां जरूरत हो, वहां योगदान दूं।”

मार्श ने अपनी रणनीति पर बात करते हुए कहा कि उनका फोकस टीम पर सकारात्मक प्रभाव डालने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर है।

उन्होंने कहा, “मैं अपनी तैयारी में निरंतरता बनाए रखने पर ध्यान देता हूं। पिछले साल व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए अच्छा रहा, लेकिन सबसे जरूरी यह है कि मैं टीम के लिए सकारात्मक योगदान कैसे दे सकता हूं और ज्यादा से ज्यादा मैच जिताने में मदद कर सकता हूं।”

मार्श ने यह भी बताया कि पंत और टीम के मालिक संजीव गोयनका ने मिलकर टीम में एक दोस्ताना और सहज माहौल बनाया है।

उन्होंने कहा, “यह अनुभव शानदार रहा है। पिछले साल भी फ्रेंचाइजी ने मेरा बहुत ध्यान रखा और इस साल भी वही महसूस हो रहा है। हमारी टीम में एक-दूसरे के प्रति काफी अपनापन है और उम्मीद है कि हम इस माहौल को मैदान पर भी दिखा पाएंगे।”

मार्श ने एडेन मार्करम के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी बात की और कहा कि समय के साथ उनकी दोस्ती मजबूत हुई है। पिछले सीजन में दोनों ने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया था—मार्श ने 627 रन बनाए थे, जबकि मार्करम ने 445 रन जोड़े थे।

उन्होंने कहा, “मैंने पिछले साल एडेन के साथ खेलना काफी एंजॉय किया। पहले हम एक-दूसरे के खिलाफ खेलते थे, लेकिन एक ही टीम में आने के बाद हम एक-दूसरे को बेहतर समझ पाए। मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह मजबूत रिश्ता बनाना जरूरी होता है, और हम ऐसा करने में सफल रहे।”

टॉप ऑर्डर में अपनी रणनीति को लेकर मार्श ने लचीलापन अपनाने की बात कही।

“कुछ मैचों में आपको शानदार शुरुआत मिलेगी। पिछले साल हमने कई बड़े पावरप्ले खेले। लेकिन आपको स्थिति के हिसाब से खेलना होता है। हम किसी खास लक्ष्य पर फोकस नहीं करते, बल्कि मैच के अनुसार अपना प्रभाव डालने की कोशिश करते हैं।”

मार्श ने टीम की तैयारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों को अच्छे से तैयार किया है।

उन्होंने कहा, “इस साल हमारा कोचिंग सेटअप बहुत अच्छा है। कुछ बदलाव जरूर हुए हैं, लेकिन कोचिंग ग्रुप ने पूरे स्क्वाड को पहले मैच और पूरे टूर्नामेंट के लिए अच्छी तरह तैयार किया है।”

इकाना स्टेडियम की पिच को लेकर मार्श ने कहा कि पिछले सीजन में यहां बल्लेबाजी के लिए अच्छी परिस्थितियां थीं।

उन्होंने कहा, “पिछले साल यहां की विकेट शानदार थी। यहां कई बार 200 से ज्यादा के स्कोर बने। अपने होम ग्राउंड पर सात मैच खेलना और परिस्थितियों को समझना अच्छा लगा। यह मैदान भारत के कई मैदानों से बड़ा है, इसलिए कभी-कभी स्कोर कम भी रहते हैं, लेकिन विकेट काफी अच्छी थी और इस साल भी वैसी ही उम्मीद है।”