
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के लिए एक भावुक और सम्मानजनक पहल की घोषणा की है। टीम पिछले साल एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए दर्दनाक भगदड़ हादसे में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों की याद में खास कदम उठाएगी।
टीम के खिलाड़ी मैच के दिन अभ्यास सत्र के दौरान जर्सी नंबर 11 पहनेंगे। इसके अलावा, स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें भी बनाई जाएंगी, जो उन 11 फैंस की स्मृति में हमेशा के लिए समर्पित रहेंगी।
पिछले साल 4 जून को आरसीबी की पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फ्रेंचाइज़ी की काफी आलोचना हुई थी।
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने बताया, “मैच के दिन अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ी अपनी जर्सी पर नंबर 11 पहनेंगे। यह मैच के लिए नहीं, बल्कि प्रैक्टिस के लिए होगा।
इसके अलावा, उस दिन खिलाड़ी काले रंग के सनग्लासेस भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने की योजना बना रहे हैं, जो उन 11 फैंस की याद में होंगी, जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।”
डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी अपने पांच घरेलू मैचों में से पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी।
वहीं, टीम अपने अंतिम दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी।
यह कदम आरसीबी की ओर से अपने प्रशंसकों के प्रति सम्मान और संवेदना को दर्शाता है।








