IPL 2026: RCB को शुरुआती झटका, NOC में देरी के कारण नुवान तुषारा का खेलना संदिग्ध!

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को IPL 2026 की शुरुआत से पहले एक और बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए हैं, जिसके कारण उन्हें कम से कम टूर्नामेंट के शुरुआती दौर से बाहर कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी नहीं किया है, क्योंकि वे जरूरी फिटनेस मानकों को पूरा नहीं कर सके। इसी वजह से वह तुरंत IPL में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

श्रीलंका क्रिकेट के नियमों के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय लीग में खेलने के लिए पांच फिटनेस मानकों में कुल 29 में से कम से कम 17 अंक हासिल करने होते हैं।

SLC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एश्ले डी सिल्वा ने भी पुष्टि की कि थुषारा इस टेस्ट में पास नहीं हो सके। हालांकि, उन्हें चार-पांच दिन बाद फिर से फिटनेस टेस्ट देने का मौका मिलेगा।

RCB के लिए यह खबर और चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि टीम पहले ही यश दयाल की गैरमौजूदगी से जूझ रही है। टीम को अपना पहला मैच शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलना है।

हालांकि, एक सकारात्मक खबर यह है कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड गुरुवार को टीम से जुड़ गए हैं।

संभावना यह भी है कि थुषारा 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले दूसरे मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। अगर वह दूसरी बार भी फिटनेस टेस्ट में असफल रहते हैं, तो लंबे समय तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रह सकते हैं।

IPL से पहले अन्य श्रीलंकाई खिलाड़ी भी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं।

मथीशा पथिराना और वानिंदु हसरंगा अभी तक अपने फिटनेस टेस्ट पूरे नहीं कर पाए हैं। पथिराना, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने चुना है, इस समय पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और अप्रैल के मध्य तक ही टीम से जुड़ पाएंगे।

वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े हसरंगा भी हैमस्ट्रिंग चोट के बाद रिकवरी में हैं और हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर रहे थे।