
आईपीएल 2026 में शनिवार को मुल्लांपुर में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां मजबूत फॉर्म में चल रही पंजाब किंग्स का सामना स्टार खिलाड़ियों से सजी लेकिन अस्थिर सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
पंजाब किंग्स को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश के कारण अंक साझा करना पड़ा, जो उनके लिए निराशाजनक रहा होगा, क्योंकि उन्होंने सीजन की शानदार शुरुआत की थी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स एक संतुलित और मजबूत टीम के रूप में उभरी है। उन्होंने मुश्किल पिच पर गुजरात टाइटंस को हराया और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 200 से ज्यादा का लक्ष्य आसानी से हासिल किया।
ईडन गार्डन्स में भी वे केकेआर को लगातार तीसरी बार हराने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन खराब मौसम और तूफान के कारण मैच रद्द हो गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
कूपर कॉनॉली की गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी और विजयकुमार विशाख की गेंदबाजी में बढ़ती प्रभावशीलता यह दिखाती है कि पंजाब टीम व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता पर ध्यान दे रही है।
वहीं दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति थोड़ी अलग है। टीम के पास बड़े नाम और आक्रामक बल्लेबाजी है, लेकिन इस सीजन में उनका प्रदर्शन अस्थिर रहा है। खासकर शीर्ष क्रम के जल्दी आउट होने से टीम को परेशानी हुई है, जैसा कि आरसीबी और एलएसजी के खिलाफ मैचों में देखा गया, जहां ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए।
गेंदबाजी में जयदेव उनादकट और हर्षल पटेल का प्रभाव कम रहा है, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ी हैं। हालांकि हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी की बल्लेबाजी कुछ सकारात्मक पहलू रहे हैं।
पावरप्ले में स्पिनर हर्ष दुबे ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उनसे उम्मीद होगी कि वे अपनी लय बनाए रखें। वहीं उनादकट पिछली मैच की खराब गेंदबाजी (23 गेंदों में 50 रन) के बाद वापसी करना चाहेंगे।
संभावित टीमें:
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशाख, ज़ेवियर बार्टलेट
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट








