
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी रिकवरी प्रक्रिया शुरू कर दी है और वह जल्द ही मैदान पर वापसी करने की तैयारी में जुटे हैं। बुधवार को वह बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम के ट्रेनिंग सेशन में शामिल हुए।
बैक इंजरी से उबर रहे कमिंस ने अभ्यास के दौरान अपना वर्कलोड सीमित रखा। 32 वर्षीय तेज गेंदबाज ने वार्म-अप एक्सरसाइज की, फील्डिंग और कैचिंग ड्रिल्स में हिस्सा लिया और खाली नेट में छोटे रन-अप के साथ कुछ गेंदें भी डालीं, ताकि धीरे-धीरे अपनी लय हासिल कर सकें।
कमिंस पिछले साल जुलाई में कैरेबियन दौरे के बाद लगी कमर (लंबर स्ट्रेस) चोट के कारण लंबे समय से मैदान से दूर हैं। तब से उन्होंने केवल एक अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है, जो दिसंबर में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट था। इसी वजह से वह ऑस्ट्रेलिया के निराशाजनक टी20 वर्ल्ड कप अभियान से भी बाहर रहे थे।
कमिंस ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह आईपीएल 2026 की शुरुआत में उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के बीच में वापसी कर लेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं अभी बैक इंजरी से उबर रहा हूं, लेकिन अब स्थिति बेहतर है। मैं नेट्स में फिर से गेंदबाजी शुरू कर चुका हूं। आईपीएल जल्द शुरू हो रहा है, मैं शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाऊंगा, लेकिन ज्यादा समय नहीं लगेगा वापसी में। अभी मैं हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं और हमने मिड-सीजन तक फिट होने का प्लान बनाया है। अगर सब ठीक रहा तो मैं टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से और प्लेऑफ में खेल सकता हूं।”
सीजन की शुरुआत में कमिंस की गैरमौजूदगी में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद का अंतरिम कप्तान बनाया गया है।
कमिंस की वापसी न सिर्फ SRH के लिए बल्कि ऑस्ट्रेलिया के लिए भी बेहद अहम होगी, क्योंकि आगे उनका अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम काफी व्यस्त है। अगस्त में ऑस्ट्रेलिया बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलेगा, जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज होगी।
इसके बाद टीम साउथ अफ्रीका में ही सीमित ओवरों की सीरीज खेलेगी और फिर अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज खेलेगी।
कमिंस की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी और आईपीएल 2026 के दूसरे हिस्से में SRH के प्रदर्शन पर भी इसका बड़ा असर पड़ सकता है।








