आईपीएल 2026: मिचेल स्टार्क ने आलोचकों को दिया जवाब, देर से जुड़ने की वजह बताई चोट!

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क की वापसी में देरी को लेकर उठ रहे सवालों पर अब खुद स्टार्क ने जवाब दिया है। उन्होंने साफ किया कि उनकी गैरमौजूदगी का कारण किसी तरह की लापरवाही नहीं, बल्कि चोट है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने बताया कि वह कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे हैं, जिसकी पूरी गंभीरता उन्हें ऑस्ट्रेलियाई समर के बाद ही पता चली।

स्टार्क ने कुछ मीडिया रिपोर्ट्स पर भी नाराज़गी जताई और कहा कि उनकी आईपीएल भागीदारी को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं और पूरी तरह फिट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के लिए जरूर खेलेंगे।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर बयान में कहा, “कुछ लोगों ने भारतीय मीडिया के जरिए मेरी आईपीएल भागीदारी को लेकर गलत और भ्रामक बातें फैलाई हैं। मैं इस समय अपने कंधे और कोहनी की चोट से उबर रहा हूं, जिसकी गंभीरता मुझे ऑस्ट्रेलियाई समर के दौरान पूरी तरह समझ नहीं आई थी।”

उन्होंने आगे कहा, “इन लोगों ने मेरे शरीर को मुझसे ज्यादा समझने का दावा करते हुए गलत जानकारी को सच की तरह पेश किया है।”

स्टार्क ने दिल्ली कैपिटल्स और उनके फैंस से सीजन की शुरुआत में उपलब्ध न होने के लिए माफी भी मांगी। साथ ही उन्होंने टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जल्द वापसी का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा, “मैं इस चोट के कारण टीम को हुई परेशानी को समझता हूं और इसके लिए माफी चाहता हूं। मैं लगातार टीम के संपर्क में हूं और जल्द से जल्द वापसी के लिए पूरी कोशिश कर रहा हूं।”

पिछले सीजन में स्टार्क ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैचों में 14 विकेट लिए थे, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट का शानदार प्रदर्शन भी शामिल था।

दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मैच 1 अप्रैल को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी।