
न्यूज़ीलैंड टी20 टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर गुरुवार को मुंबई इंडियंस की टीम के साथ नई दिल्ली में जुड़ गए, जहां वे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले की तैयारी करेंगे।
शनिवार दोपहर को अरुण जेटली स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी, और टीम में अब केवल सैंटनर और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के शामिल होना बाकी था।
इन दोनों विदेशी खिलाड़ियों ने पिछले महीने टी20 वर्ल्ड कप में अपने-अपने देशों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसके बाद उन्होंने टीम से जुड़ने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय मांगा था।
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि इन दोनों खिलाड़ियों को व्यक्तिगत कारणों से थोड़ा और समय दिया गया था।
उन्होंने कहा, “जो खिलाड़ी अभी टीम से जुड़ने वाले हैं, वे मिच (मिचेल सैंटनर) और जैक्सी (विल जैक्स) हैं। दोनों ने व्यक्तिगत कारणों से थोड़ा अतिरिक्त समय मांगा था और हम इसके लिए तैयार थे। लेकिन वे जल्द ही टीम से जुड़ जाएंगे।”
अब सैंटनर के टीम से जुड़ने के बाद मुंबई इंडियंस अपनी तैयारी को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।








