IPL 2026: रोहित शर्मा और विराट कोहली की तरह संजू सैमसन का कोई विकल्प नहीं – रियान पराग!

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने गुरुवार को कहा कि संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भरना लगभग नामुमकिन है। उन्होंने इसे उतना ही मुश्किल बताया जितना भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा का विकल्प ढूंढना।

प्री-सीजन ट्रेड में 2021 से 2025 तक राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले संजू सैमसन को रविंद्र जडेजा के बदले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ लिया था।

पराग ने जयपुर में प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “अगर आप संजू भैया की बात करें, तो हम कभी यह सोचते ही नहीं कि उनके जैसे खिलाड़ी को रिप्लेस किया जा सकता है। हम शायद किसी ऐसे खिलाड़ी को ला सकते हैं जिसकी स्किल-सेट मिलती-जुलती हो या कोई उनकी जगह बैटिंग कर ले… लेकिन जैसे विराट कोहली या रोहित शर्मा का कोई विकल्प नहीं है, वैसे ही संजू भैया का भी कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि वह बेहद शानदार खिलाड़ी हैं।”

संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल कप्तान और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने टीम को IPL 2022 के फाइनल और 2024 के प्लेऑफ तक पहुंचाया।

टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने लगातार तीन मैचों में मैच जिताने वाली पारियां खेलीं और भारत को ऐतिहासिक खिताब बचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया था।

पिछला सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए काफी खराब रहा, जहां टीम 10 टीमों में से 9वें स्थान पर रही और 10 मैच हारी।

संजू के जाने के बाद पराग को कप्तानी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि टीम ने पिछले सीजन में कई करीबी मुकाबले गंवाए और इस बार रणनीति और प्लानिंग में सुधार करना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “इस साल हमारा फोकस बेहतर प्लानिंग करने और मैच फिनिश करने पर है, जो हम पिछले सीजन में नहीं कर पाए। पिछले साल 5-6 मैच ऐसे थे जो हम आखिरी ओवर या आखिरी गेंद पर हार गए। अगर हम उन्हें जीत पाते या बेहतर कैलकुलेशन करते, तो हम प्लेऑफ में पहुंच सकते थे।”

पराग ने आगे कहा कि हर टी20 मैच में 3-4 फैसले ऐसे होते हैं जो मैच का रुख बदल देते हैं, और अगर टीम उन छोटे-छोटे फैसलों को सही रणनीति के साथ ले, तो इस बार नतीजे अलग हो सकते हैं।

उन्होंने राजस्थान रॉयल्स का धन्यवाद भी किया, जिन्होंने मुश्किल समय में उन पर भरोसा बनाए रखा।

“मैं 17 साल की उम्र से यहां हूं और मैंने उतार-चढ़ाव देखे हैं, हालांकि ज्यादा उतार ही रहे हैं। मैं राजस्थान रॉयल्स का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा रखा और मुझे समझा,” पराग ने कहा।

वहीं टीम के हेड कोच और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा ने कहा कि उन्होंने हमेशा पराग की प्रतिभा की सराहना की है और उन्हें एक कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद कप्तान चुना गया।

उन्होंने कहा, “हम ऐसे व्यक्ति की तलाश में थे जो राजस्थान रॉयल्स को लीड कर सके। जब मैंने पहली बार रियान को किशोर अवस्था में देखा था, तभी से मैं उनकी प्रतिभा से प्रभावित हूं। उन्होंने बहुत कुछ देखा और सीखा है। सबसे खास बात यह है कि वह अब काफी समझदार और परिपक्व हो गए हैं। हमने कुछ खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया था और कड़ा इंटरव्यू प्रोसेस रखा था। अंत में यह साफ हो गया कि रियान ही सही विकल्प हैं।”