IPL 2026: KKR ने इनको बनाया बॉलिंग कोच, शेन वॉटसन भी बने असिस्टेंट कोच!

न्यूज़ीलैंड के दिग्गज गेंदबाज़ टिम साउदी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शुक्रवार को आगामी IPL सीज़न के लिए बॉलिंग कोच नियुक्त किया।

साउदी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 107 टेस्ट, 161 वनडे और 126 टी20 इंटरनेशनल खेलते हुए कुल 776 विकेट लिए। उन्होंने 2021, 2022 और 2023 में KKR के लिए आईपीएल भी खेला था।

साउदी ने कहा— “KKR हमेशा मेरे लिए घर जैसा रहा है। इस नए रोल में लौटना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस फ्रेंचाइज़ी में शानदार संस्कृति, जुनूनी फैंस और बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैं बॉलर्स के साथ काम करने और टीम को IPL 2026 में सफलता दिलाने के लिए उत्सुक हूँ।”

KKR के CEO वेंकी मैसूर ने कहा— “हम टिम साउदी को कोचिंग रोल में KKR परिवार में वापस पाकर बेहद खुश हैं। उनका अनुभव और तकनीकी समझ हमारी बॉलिंग यूनिट को तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। उनका शांत स्वभाव और नेतृत्व क्षमता हमारे युवा गेंदबाज़ों के लिए बेहद मददगार होगी।”

शेन वॉटसन बने KKR के नए असिस्टेंट कोच

गुरुवार को यह भी सामने आया था कि शेन वॉटसन को KKR का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया है।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर इससे पहले IPL में दिल्ली कैपिटल्स के साथ कोचिंग भूमिका में थे। तीन साल बाद वे फिर से IPL में कोच के रूप में वापसी कर रहे हैं।

वॉटसन, जिन्होंने 59 टेस्ट, 190 ODI और 58 T20I खेले हैं, अब नए हेड कोच अभिषेक नायर के साथ मिलकर काम करेंगे।

KKR ने बयान जारी करते हुए कहा— “वॉटसन के कोचिंग स्टाफ से जुड़ने के बाद, KKR IPL 2026 की तैयारी में अपनी रणनीतिक मजबूती को और बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।”

KKR CEO वेंकी मैसूर ने कहा— “हम शेन वॉटसन का स्वागत करते हुए बेहद उत्साहित हैं। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव हमारे टीम कल्चर और तैयारी को नया आयाम देगा। टी20 फॉर्मेट की उनकी समझ विश्वस्तरीय है।”

वॉटसन ने भी अपनी खुशी जताई— “कोलकाता नाइट राइडर्स जैसे प्रतिष्ठित फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने हमेशा KKR फैंस के जुनून और टीम की उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की है। मैं खिलाड़ियों और कोचिंग ग्रुप के साथ मिलकर कोलकाता के लिए एक और खिताब लाने के लिए उत्सुक हूँ।”