आईपीएल 2026: कूपर कॉनॉली को इस सीज़न की बड़ी खोज बनने की भविष्यवाणी!

पंजाब किंग्स के गेंदबाज़ युजवेंद्र चहल ने ऑस्ट्रेलियाई युवा बल्लेबाज़ कूपर कॉनॉली की जमकर तारीफ की है। आईपीएल डेब्यू में मैच जिताऊ अर्धशतक लगाने के बाद चहल ने उनकी परिपक्वता की सराहना करते हुए कहा कि वह इस सीज़न की सबसे बड़ी खोज साबित हो सकते हैं।

मंगलवार को मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया, जिसमें 22 वर्षीय कॉनॉली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 72 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।

चहल ने मैच के बाद कहा, “वह अभी 20 के आसपास का है लेकिन उसमें भूख है। अपने पहले ही मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए मैच जिताने वाली पारी खेलना दिखाता है कि वह मानसिक रूप से कितना मजबूत है।”

कॉनॉली ने नंबर 3 पर आकर बेहद संयम से बल्लेबाजी की और दूसरे छोर पर विकेट गिरने के बावजूद अपना धैर्य बनाए रखा।

चहल ने आगे कहा, “उसे स्थिति की पूरी समझ है। उसे पता है कि अगर वह अंत तक टिका रहेगा तो मैच खत्म कर सकता है। यही परिपक्वता दिखाता है। यह हमारी टीम के लिए अच्छा संकेत है और जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहा है, मुझे लगता है वह इस सीज़न की खोज होगा।”

इस मैच में चहल खुद भी गेंद से अहम भूमिका में रहे। उन्होंने चार ओवर में 2/28 के आंकड़े लिए और मध्य ओवरों में दबाव बनाकर गुजरात टाइटंस को 162/6 तक सीमित रखने में मदद की।

गेंदबाज़ी रणनीति पर बात करते हुए चहल ने कहा,
“पिच थोड़ी धीमी थी, इसलिए हम गति नहीं देना चाहते थे। हम ज्यादा से ज्यादा कटर्स डालना चाहते थे। योजना यह थी कि बल्लेबाज़ लंबे बाउंड्री की ओर शॉट खेलें, जो हमारे लिए फायदेमंद होगा।”

हालांकि कॉनॉली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पंजाब किंग्स का मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया। प्रियांश आर्य (7), कप्तान श्रेयस अय्यर (18), नेहल वढेरा (3), शशांक सिंह (4) और मार्कस स्टोइनिस (0) खास योगदान नहीं दे सके।

फिर भी चहल ने इसे लेकर ज्यादा चिंता नहीं जताई। उन्होंने कहा, “हर साल एक-दो मैच ऐसे होते हैं। हम खुशकिस्मत हैं कि पहला मैच ऐसा रहा, इसलिए अभी चिंता की कोई बात नहीं है। पिछले साल से हम जिस तरह खेल रहे हैं, उसी सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे।”

पंजाब किंग्स अब शुक्रवार को चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।