
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले आधिकारिक प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स ने इसकी पुष्टि की।
रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई आईपीएल 2026 का शेड्यूल दो चरणों में जारी कर सकता है और इसका पहला हिस्सा सोमवार को घोषित होने की संभावना है। टूर्नामेंट शुरू होने में करीब 20 दिन बचे हैं और सभी टीमें पहले ही अपने प्रशिक्षण शिविर (प्रेपरेटरी कैंप) शुरू कर चुकी हैं।
आईपीएल 2026 की शुरुआत की तारीख घोषित करने में देरी इसलिए हुई क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के घरेलू मैदानों को लेकर अनिश्चितता थी। इसके अलावा कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव भी एक बड़ा कारण बने।
सूत्रों के अनुसार, मैचों के वेन्यू चुनाव की तारीखों के आधार पर तय किए जाएंगे, ताकि मुकाबले और मतदान एक ही समय पर न टकराएं और चुनाव प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।
फिलहाल भारतीय चुनाव आयोग ने अभी तक मतदान की तारीखों की अंतिम घोषणा नहीं की है, इसलिए बीसीसीआई पूरे आईपीएल 2026 का शेड्यूल तय नहीं कर पा रहा है।
28 मार्च को पहला मैच खेलेगी डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी
आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में टूर्नामेंट का पहला मैच खेलेगी। उनका मुकाबला किस टीम से होगा, यह शेड्यूल जारी होने के बाद पता चलेगा।
आरसीबी ने 2025 में 18 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। फाइनल में उन्होंने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था।
उस मुकाबले में आरसीबी ने 190/9 रन बनाए थे, जबकि पंजाब किंग्स की टीम 184/7 रन ही बना सकी। क्रुणाल पांड्या को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
आईपीएल 2025 के प्रमुख प्रदर्शन
साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) ने 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती।
प्रसिद्ध कृष्णा ने 25 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की।
आईपीएल 2025 में कई युवा खिलाड़ियों ने भी सुर्खियां बटोरीं। इनमें वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा चर्चा में रहे, जो सिर्फ 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने और उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ शतक भी लगाया।








