
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने शुक्रवार को युवा अफगान मिस्ट्री स्पिनर अल्लाह ग़ज़नफर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि टीम में ग़ज़नफर जैसे एक्स-फैक्टर गेंदबाज़ का होना हर परिस्थिति में फायदा देता है।
सीजन के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 51 रन देने के बाद 20 वर्षीय ग़ज़नफर आलोचनाओं के घेरे में आ गए थे।
जयवर्धने ने कहा, “मुझे लगता है कि वह भविष्य के खिलाड़ी हैं। उनकी लंबाई और क्षमता को देखते हुए हमें भरोसा है कि वह आगे और बेहतर होंगे। उन्हें और मैच खेलने का मौका चाहिए। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ खेलना था, लेकिन वह टूर्नामेंट रद्द हो गया। इसलिए मैं चिंतित नहीं हूं। उन्होंने अच्छा गेंदबाजी की, बस 4-5 खराब गेंदें थीं जिनकी वजह से उन्हें नुकसान हुआ।”
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण में मयंक मार्कंडे, विल जैक्स और मिशेल सैंटनर जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास मिच, जैक्स और मयंक जैसे गेंदबाज़ हैं, लेकिन ग़ज़नफर जैसा एक्स-फैक्टर हमें अलग विकल्प देता है, खासकर अलग-अलग परिस्थितियों में। शायद टूर्नामेंट के आगे चलकर वह और अहम भूमिका निभाएंगे। वह हमारे लिए एक बेहतरीन एसेट हैं।”
हालांकि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 2020 के बाद से खिताब नहीं जीता है, लेकिन जयवर्धने का मानना है कि टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा, “अब 10 टीमों के साथ प्रतियोगिता और कठिन हो गई है। लेकिन पिछले 5 सालों में हम 2-3 बार प्लेऑफ में पहुंचे हैं। इसका मतलब है कि हमारे पास मौके थे, बस आखिरी कदम बाकी रह गया। इस टूर्नामेंट में एक-एक मैच पर ध्यान देना जरूरी है और प्रक्रिया पर भरोसा रखना होता है। हमने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।”
श्रीलंकाई कोच ने यह भी बताया कि रयान रिकेलटन, जिन्होंने रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग में अच्छी साझेदारी बनाई है, उन्हें क्विंटन डी कॉक पर प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “जब हमने उन्हें खरीदा था, तब हमें उनकी क्षमता का अंदाजा था। वह हमारे SA20 टीम का भी हिस्सा थे। जब उनकी और रोहित की जोड़ी अच्छी चली, तो उसे बदलने का कोई इरादा नहीं था। ऑक्शन में डी कॉक को लेना एक अच्छा मौका था, इसलिए हमने उन्हें बैकअप के तौर पर रखा। हम ऐसी चीज़ नहीं बदलना चाहते थे जो पहले से सही चल रही हो।”








