IND vs PAK क्या बारिश की वजह से धुल सकता है आज का मैच? जानिए मैच का पूरा विवरण!

कोलंबो में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में बारिश खलल डाल सकती है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आर. प्रेमदासा स्टेडियम के आसपास मैच शुरू होने के समय यानी शाम 7 बजे के करीब भारी बारिश की संभावना है।

श्रीलंका मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण करीब 70 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शाम 6 से 7 बजे के बीच तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा रात 7 से 10 बजे तक हल्की बारिश जारी रहने की आशंका है, जिससे मैच में देरी, ओवर कम होने या फिर पूरा मुकाबला रद्द होने का खतरा बना हुआ है।

बारिश के इस अनुमान को देखते हुए फैंस को रुकावटों के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है और उम्मीद की जा रही है कि मैच के समय मौसम सुधरे। पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे के बीच भी 50 से 60 प्रतिशत बारिश की संभावना है।

शनिवार शाम करीब 6 बजे भारत के अभ्यास सत्र के बाद हल्की बारिश भी देखने को मिली थी। भारत और पाकिस्तान दोनों के दो मैचों में चार-चार अंक हैं और अगर मुकाबला पूरी तरह से धुल जाता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा और वे सुपर आठ चरण में पहुंच जाएंगी।

अच्छी बात यह है कि मैच पूरा कराने के लिए 60 मिनट का अतिरिक्त समय रखा गया है। साथ ही प्रेमदासा स्टेडियम में शानदार ड्रेनेज सिस्टम और पूरे मैदान को ढकने के लिए कवर की सुविधा मौजूद है। भारी बारिश के बाद भी मैदान को 45 से 60 मिनट में खेलने लायक बनाया जा सकता है।

अब सवाल यही है — क्या रविवार को भारत और पाकिस्तान के इस महामुकाबले पर इंद्र देवता मेहरबान होंगे या फिर फैंस को निराशा हाथ लगेगी?