
पथुम निस्सांका ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक जड़कर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई और टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर एट चरण में पहुंचा दिया। श्रीलंका ने आठ विकेट से जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया की आगे बढ़ने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निस्सांका ने 52 गेंदों में जबरदस्त शतक ठोका, जो पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका का अब तक का सबसे बड़ा रन चेज़ भी रहा। अपनी पारी पर बात करते हुए निस्सांका ने कहा कि टीम को जीत तक पहुंचाने का एहसास बेहद खास था।
उन्होंने कहा, “पिच काफी अच्छी खेल रही थी, जिससे मुझे अपना नैचुरल गेम खेलने का मौका मिला। शतक बनाकर टीम को जीत दिलाने की खुशी अलग ही है।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “हमें पावरप्ले में अच्छी शुरुआत चाहिए थी। मेरी और कुसल मेंडिस की बीच में शानदार साझेदारी हुई और उसके बाद मेरा लक्ष्य बस अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए टीम को पार लगाना था।”
हालात पर बात करते हुए निस्सांका ने कहा, “आमतौर पर पल्लेकेले में दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी थोड़ी आसान होती है और जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया, विकेट और बेहतर होती गई।”
अपने फॉर्म और बड़े लक्ष्य के पीछा करने के तरीके पर उन्होंने कहा, “मैं बस अपनी ज़ोन में आने वाली गेंदों का इंतजार कर रहा था। खुशी है कि मुझे कई ऐसी गेंदें मिलीं जो मेरी ताकत के मुताबिक थीं और मैं उन्हें बाउंड्री तक पहुंचा सका।”
श्रीलंका ने कुसल परेरा का विकेट जल्दी गंवा दिया था, लेकिन निस्सांका और कुसल मेंडिस ने पारी की रफ्तार बनाए रखी और टीम को पावरप्ले में 61/1 तक पहुंचाया, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका तीसरा सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी कर जीत की मजबूत नींव रखी।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए धमाकेदार शुरुआत की थी। मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने 52 गेंदों में 104 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया बिना विकेट खोए 70 रन बना चुका था, लेकिन इसके बाद श्रीलंका के स्पिनरों ने मैच पलट दिया।
दुशन हेमंथा ने हेड (56) और मार्श (54) को आउट कर ब्रेक लगाया। दुनिथ वेल्लालागे और कामिंदु मेंडिस ने भी साथ दिया। हेमंथा ने 3/37 के शानदार आंकड़ों के साथ ऑस्ट्रेलिया को 200 से नीचे रोक दिया।








