‘गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी’: हार्दिक पांड्या ने RR से हार के बाद MI के बॉलिंग अटैक पर उठाए सवाल!

मंगलवार को खेले गए बारिश से प्रभावित आईपीएल मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम की गेंदबाजी पर नाराजगी जताई और कहा कि गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।

बारिश के कारण मैच दो घंटे देरी से शुरू हुआ और इसे 11-11 ओवर का कर दिया गया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150/3 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, “हम पावरप्ले में अपनी योजनाओं के मुताबिक गेंदबाजी नहीं कर पाए। उन्होंने (RR के ओपनर्स) बहुत अच्छा खेला। गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी। एक बॉलिंग यूनिट के तौर पर हम उम्मीद के मुताबिक नहीं थे।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं इस हार का दोष बल्लेबाजी पर नहीं डालूंगा। जिम्मेदारी गेंदबाजी यूनिट की थी। अगर हम अपनी गेंदें सही तरीके से डालते, तो हम मैच में बने रहते।”

राजस्थान रॉयल्स की जीत की नींव यशस्वी जायसवाल (32 गेंदों में नाबाद 77 रन) और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (14 गेंदों में 39 रन) ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5 ओवर में 80 रन जोड़ दिए।

हार्दिक ने स्वीकार किया कि राजस्थान के ओपनर्स ने उनकी टीम को दबाव में ला दिया। उन्होंने कहा, “उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। उनके ओपनर्स ने हमें खेल से बाहर कर दिया और हम पूरे समय पीछे ही रहे।”

हार्दिक पांड्या ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “16-17 साल (15 साल) के खिलाड़ी को इस तरह खेलते देखना शानदार है। उसकी निडरता कमाल की है। उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

अगले मैच के बारे में पूछे जाने पर हार्दिक ने कहा, “गलतियों से सीखना है। कल एक नया दिन होगा, सूरज फिर उगेगा और हम अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करेंगे।”

वहीं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने जायसवाल और सूर्यवंशी की जोड़ी को टूर्नामेंट की नंबर वन ओपनिंग जोड़ी बताया।

उन्होंने कहा, “नंबर वन। दोनों के पास उम्र का फायदा है। वैभव शानदार है। यह सिर्फ बड़े शॉट्स नहीं मारता, बल्कि समझदारी से खेलता है। जायसवाल पिछले 3-4 साल से ऐसा कर रहा है। उनकी स्किल और मैच्योरिटी उन्हें सर्वश्रेष्ठ बनाती है।”

पराग ने अपनी टीम के गेंदबाजों की भी तारीफ की और कहा, “हमारे पास एक मजबूत और युवा कोर है। उम्मीद है कि हम इसी तरह प्रदर्शन जारी रखेंगे।”

नई गेंद से गेंदबाजी की रणनीति पर उन्होंने कहा, “जोफ्रा का संदेश साफ है—जाओ और पूरी गति से गेंदबाजी करो। 140-145 किमी/घंटा की रफ्तार और कंट्रोल के साथ गेंदबाजी करना कमाल है।”