
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेलेगी। 11 जनवरी (वडोदरा), 14 जनवरी (राजकोट) और 18 जनवरी (इंदौर) को होने वाले इन 50 ओवर के मैचों के लिए अभी तक भारतीय टीम का ऐलान नहीं हुआ है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, सीनियर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर 3 जनवरी (शनिवार) को घरेलू सीरीज़ के लिए टीम की घोषणा करेंगे।
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से कहा गया, “पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अजित अगरकर की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समिति 3 जनवरी को ऑनलाइन बैठक कर टीम का चयन करेगी।”
दिसंबर 2025 के पहले हफ्ते में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई पिछली वनडे सीरीज़ में भारत ने केएल राहुल की कप्तानी में पहला और तीसरा मैच जीता था। हालांकि, आने वाली न्यूजीलैंड सीरीज़ में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी।
4 अक्टूबर 2025 को शुभमन गिल को भारत की वनडे टीम का नया कप्तान बनाया गया था, लेकिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए पहले भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लगने के कारण वह उस वनडे सीरीज़ में नहीं खेल पाए थे।
चोट से उबरने के बाद गिल ने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी20 मैच खेले थे और अब वह वनडे टीम में वापसी के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ में तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आराम दिया जा सकता है। हालांकि, दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं।
वहीं, भारत की वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर फिलहाल चोट के कारण बाहर चल रहे हैं। 25 अक्टूबर को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फील्डिंग के दौरान उन्हें चोट लगी थी।
अय्यर की न्यूजीलैंड वनडे सीरीज़ से वापसी फिलहाल टल गई है। वह अब बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में एक और हफ्ते तक रिकवरी करेंगे।








