
2025 में अभिषेक शर्मा ने अपने शानदार टी20 करियर को आगे बढ़ाते हुए इतिहास रच दिया है। वह एक ही कैलेंडर वर्ष में 100 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस युवा ओपनर ने अपनी जबरदस्त फॉर्म जारी रखते हुए सिर्फ 34 गेंदों पर 182.35 के स्ट्राइक रेट से शानदार 62 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए।
हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक की इस विस्फोटक पारी की बदौलत पंजाब ने सर्विसेज को 73 रनों से हराया।
2025 में खेले गए टी20 मैचों में अभिषेक शर्मा अब तक 204.22 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1499 रन बना चुके हैं, जिसमें 9 अर्धशतक और 3 शतक शामिल हैं।
जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में भी बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने करीब 250 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है। 6 मैचों में 26 छक्कों के साथ वह फिलहाल टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
इसके अलावा, अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 14 मैचों में 28 छक्के लगाए हैं, जबकि इस साल खेले गए 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वह 47 छक्के जड़ चुके हैं।








