टाइम की 100 सबसे प्रभावशाली खेल हस्तियों की सूची में स्मृति मंधाना इकलौती भारतीय!

भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना को TIME मैगज़ीन की वर्ष 2026 की खेल जगत की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों की सूची में शामिल किया गया है। वह इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाने वाली एकमात्र भारतीय हैं।

TIME की “100 Most Influential People in Sports 2026” सूची में खिलाड़ियों, कोचों, समर्थकों और निवेशकों को शामिल किया गया है, जिन्हें पत्रिका ने “आज खेल जगत को आकार देने वाले लोग” बताया है।

इस सूची में फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी, चीनी-अमेरिकी स्कीयर एलीन गु, टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज़, बास्केटबॉल खिलाड़ी विक्टर वेम्बन्यामा, दिग्गज गोल्फर रोरी मैक्लरॉय और अमेरिकी बास्केटबॉल सुपरस्टार लेब्रोन जेम्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं। लेब्रोन जेम्स इस सूची में शीर्ष पर हैं।

सूची में अन्य प्रमुख हस्तियों में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो, न्यूयॉर्क निक्स के बास्केटबॉल खिलाड़ी जेलन ब्रनसन, दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट कप्तान टेम्बा बावुमा, जिन्होंने पिछले वर्ष भारत में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब दिलाया था, तथा फुटबॉल महानायक क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी शामिल हैं।

29 वर्षीय स्मृति मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान हैं और इस विशिष्ट सूची में शामिल होने वाली चुनिंदा हस्तियों में से एक हैं।

मुंबई में जन्मी बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज के बारे में TIME ने अपनी प्रोफाइल में लिखा कि वह घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला, और महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 17 शतकों की संयुक्त रिकॉर्डधारक हैं।

मैगज़ीन ने यह भी कहा कि मंधाना के लिए “रिकॉर्ड लगातार बनते जा रहे हैं।”

इसके अलावा, वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी हैं।

हालांकि TIME के अनुसार, मंधाना को व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलताओं पर गर्व है।

मैगज़ीन ने लिखा: “मंधाना ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी करते हुए 2024 और 2026 महिला प्रीमियर लीग (WPL) खिताब जिताए। साथ ही, वह पिछले वर्ष भारत की आईसीसी महिला विश्व कप जीत में उपकप्तान थीं और टूर्नामेंट में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं।”

पिछले वर्ष उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 2024 में महिला क्रिकेटर के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड उनके नाम था, जिसे उन्होंने 2025 में और बेहतर किया।

इसी शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें “बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर 2025” का सम्मान भी मिला।